Bokaro News: 20 मार्च से शुरू होगी क्षतिग्रस्त आवासों के बदले नए आवंटन की ऑनलाइन प्रक्रिया
पूर्व और मृत कर्मचारियों के आश्रितों को प्राथमिकता
बोकारो स्टील प्लांट (BSL) ने क्षतिग्रस्त और मरम्मत के अयोग्य घोषित किए गए क्वार्टरों में रह रहे पूर्व कर्मचारियों व आश्रितों के लिए नए 'E/F/EF' आवासों के आवंटन की घोषणा की है। पात्र लोग 20 मार्च से 31 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए वैध लाइसेंस और 'नो ड्यूज' सर्टिफिकेट अनिवार्य है।
बोकारो: इस्पात संयंत्र के नगर प्रशासन विभाग द्वारा उन पूर्व कर्मचारियों, मृत कर्मचारियों के पति या पत्नी एवं उनके आश्रितों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है, जो वर्तमान में लाइसेंस पर आवंटित ऐसे आवासों में रह रहे हैं जिन्हें टीए सिविल विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त और मरम्मत के अयोग्य घोषित कर दिया गया है। बीएसएल द्वारा इन क्षतिग्रस्त ब्लॉकों के आवासों के बदले रिक्त 'E/F/EF' प्रकार के क्वार्टरों के आवंटन की घोषणा की गई है। आवंटन हेतु उपलब्ध रिक्त आवासों की विस्तृत सूची आधिकारिक पोर्टल tams.sailbsl.in तथा लीज एंड लाइसेंस अनुभाग के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित की गई है। इस आवंटन प्रक्रिया में भागीदारी हेतु पात्रता के मानक निर्धारित किए गए हैं। केवल वे ही आवासधारी आवेदन करने के पात्र होंगे जिनके वर्तमान आवास का कोई संपदा बकाया शेष न हो और जिनका लाइसेंस एग्रीमेंट वैध होने के साथ-साथ नवीनीकृत हो।

