स्वच्छता ही सेवा अभियान में देशभर से करोड़ों लोगों ने लिया भाग
25 सितंबर को राष्ट्रव्यापी श्रमदान कार्यक्रम का होगा आयोजन
देश में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ ने बड़े पैमाने पर जनभागीदारी जुटाई है। अब तक 1.89 करोड़ से अधिक लोग सफाई और श्रमदान में शामिल हुए हैं। इको-फ्रेंडली पंडाल, रंगोलियां, रैलियां और स्वास्थ्य शिविरों से अभियान को मजबूती मिली। 25 सितंबर को राष्ट्रव्यापी श्रमदान कार्यक्रम में करोड़ों नागरिक हिस्सा लेंगे।
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) से शुरू हुआ 'स्वच्छता ही सेवा अभियान' पूरे देश में जनभागीदारी का बड़ा आंदोलन बन गया है। इस अभियान के तहत शहरों में विभिन्न राज्यों और बड़े पैमाने पर स्वच्छता गतिविधियां चल रही हैं, जिनमें स्वैच्छिक श्रमदान, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, कचरे के प्रबंधन और स्वच्छता लक्षित इकाइयों का रूपांतरण शामिल है। इस अभियान के तहत स्वच्छता लक्षित इकाइयों की पहचान, रूपांतरण और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है ताकि स्थानीय स्तर पर ठोस बदलाव दिखाई दे सके।
केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय के अनुसार, देश में इस अभियान के तहत अब तक 11,09,151 स्वच्छता लक्षित इकाइयों (सीटीयू) की पहचान की जा चुकी है, जिनमें से 2,48,241 इकाइयों की सफाई की जा चुकी है। इस दौरान कुल 96,69,975 लोगों ने इन इकाइयों में भागीदारी की है और 4,35,076 लोग प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए हैं। देशभर में 2,53,884 सार्वजनिक स्थलों की सफाई की गई है, जिसमें 72,59,198 लोगों ने भाग लिया।


सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न शहरों में सफाई मित्र सुरक्षा शिविर आयोजित किए गए। बिहार के बेतिया नगर निगम ने स्वास्थ्य शिविर लगाया, आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में 74 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में मेडिकल कैंप आयोजित किए गए। गोवा के पोंडा नगर परिषद ने सफाई कर्मियों को ग्लव्स वितरित किए और पीपीई किट के उपयोग पर प्रशिक्षण दिया। जम्मू-कश्मीर के थनमंडी नगर समिति ने भी सफाई कर्मियों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया।
स्वच्छ हरित उत्सवों के तहत चंडीगढ़ में स्वयं सहायता समूहों ने वेस्ट टू आर्ट प्रदर्शनी लगाई, तेलंगाना के कोरुटला में छात्राओं ने इको-फ्रेंडली बथुकम्मा पर्व मनाया और गुजरात के मोरबी में ‘ग्रीन नवरात्रि’ थीम पर रंगोली बनाई गई।
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर में ‘नमो युवा रन’ को हरी झंडी दिखाई। इस पांच किलोमीटर की दौड़ में 5000 से अधिक धावकों ने भाग लिया, जिनमें अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल रहे।
उल्लेखनीय है कि इस महीने की 25 सितंबर को पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती पर ‘एक दिन, एक साथ, एक घंटा’ नाम से राष्ट्रव्यापी श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें करोड़ों नागरिकों की भागीदारी की उम्मीद है।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


