UP Elections: 11 जिलों के 58 सीटों पर मतदान शुरू, प्रधानमंत्री ने क्या ट्वीट किया

Lucknow: उत्तर प्रदेश (UP elections) में पहले चरण का मतदान शुरू हो गया है। पहले दिन राज्य के 11 जिलों में 58 सीटों के लिए मतदान होने हैं। 11 बजे तक लगभग 20 फीसदी वोट डाले जा चुके थे। पहले चरण का चुनाव कई मायनों में महत्वपूर्ण है। आज जिन 58 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं, उनमें से 53 सीटें अभी भाजपा के पाले में हैं। इन्हीं सीटों से योगी सरकार के नौ मंत्री भी आते हैं। खबर लिखे जाने तक मतदान शांतिप्रिय तरीके से हो रहा था। किसी प्रकार की झड़प की सूचना नहीं है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में आज पहले चरण की वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे कोविड नियमों का पालन करते हुए लोकतंत्र के इस पावन पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। याद रखना है- पहले मतदान, फिर जलपान!
— Narendra Modi (@narendramodi) February 10, 2022
सात चरणों में होने हैं मतदान (UP elections)
बता दें कि पूरे राज्य में सात चरणों में मतदान होने हैं। 14 फरवरी को दूसरे चरण, 20 को तीसरे, 23 को चौथे, 27 को पांचवें, 3 मार्च को छठे और 7 मार्च को सातवें चरण का मतदान किया जाएगा। 10 मार्च को परिणाम घोषित किए जाएंगे। बता दें कि चुनाव आयोग ने सुबह सात बजे से शाम 6 बजे तक वोट देने का समय निर्धारित किया है। कोविड को देखते हुए एक घंटे को अतिरिक्त समय दिया गया है।
क्यों महत्वपूर्ण है UP Elections
24 करोड़ की आबादी के साथ यूपी देश का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है। इस अकेले राज्य की आबादी दुनिया के चार देशों को छोड़कर सभी देशों से अधिक है। ऐसे में इस राज्य की कमान महत्वपूर्ण है।
देश में सबसे अधिक सांसद यूपी से हैं। इस राज्य से 80 सांसद संसद भवन में अपनी भागीदारी तय करते हैं।
कहा जाता है कि यूपी के गद्दी से पीएम बनने का रास्ता साफ दिखता है। इस राज्य से कई दिग्गज नेता चुनाव लड़ते हैं। प्रधानमंत्री मोदी भी इसी राज्य से पर्चा भरते हैं।