Simdega News: सख्त रणनीति, सटीक निगरानी: नारकोटिक्स नियंत्रण को लेकर उच्चस्तरीय बैठक
जिले में नशा नियंत्रण को लेकर कार्रवाई तेज करने के निर्देश
सिमडेगा: उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक एम. अर्शी की उपस्थिति में समाहरणालय सभाकक्ष में नारकोटिक्स कॉर्डिनेशन समिति (एनकॉर्ड) की बैठक आयोजित की गई.
बैठक में जिले में नशे के अवैध कारोबार को रोकने के लिए रणनीति पर चर्चा की गई. प्रभारी सामान्य शाखा पदाधिकारी ने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में की गई कार्रवाई की जानकारी प्रस्तुत की. उपायुक्त ने युवाओं को नशे की लत से बचाने एवं नशे के व्यापार में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने ड्रग इंस्पेक्टर को जिले में योजनाबद्ध तरीके से दवा दुकानों की सघन जांच करने, नशे के लिए प्रयुक्त होने वाली दवाओं की विशेष निगरानी रखने तथा उनकी बिक्री और स्टॉक से संबंधित प्रतिवेदन नियमित रूप से जिला स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने कार्रवाई की शेड्यूल प्रस्तुत करने एवं अब तक की प्रगति की जानकारी देने को कहा.
