Sahebganj News : घरेलू सिलेंडर की कमी से उपभोक्ता परेशान, गैस एजेंसी के बाहर लग रही लंबी कतारें
गैस लेने के लिए एजेंसी पहुंच रहे लोग, घंटों करना पड़ रहा इंतजार
मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इज़रायल और ईरान के बीच जारी तनाव का असर अब झारखंड के साहिबगंज में भी दिखने लगा है। शहर में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कमी के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
साहिबगंज: मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इज़रायल और ईरान के बीच जारी जंग का असर अब झारखंड के साहिबगंज में भी साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। साहिबगंज में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कमी से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। शहर के कई इलाकों में लोग घंटों तक गैस एजेंसियों के बाहर कतार में खड़े होकर रसोई गैस का इंतज़ार कर रहे हैं। कई लोगों को अपने रोजमर्रा के काम छोड़कर सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है ताकि घर में खाना बन सके।

अनियमितता पाए जाने पर गैस एजेंसी के खिलाफ होगी कार्रवाई: एसडीओ
सदर अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईंद ने कहा है कि गैस एजेंसी अधिक पैसा वसूले या गैस खत्म होने की बात कहे तो तुरंत संबंधित थाना को सूचित करें। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस उपभोक्ताओं से निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने या गैस खत्म होने का बहाना बनाकर उपभोक्ताओं को परेशान करने वाले गैस एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर पुलिस मामले की जांच कर संबंधित एजेंसी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि गैस सिलेंडर लेते समय रसीद अवश्य लें और किसी भी प्रकार की अनियमितता होने पर प्रशासन को जानकारी दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
