माघी मेला में जिला विधिक सेवा प्राधिकार का विधिक संदेश, गंगा स्नान के साथ दी जा रही न्याय की जानकारी
सामाजिक न्याय और विधिक सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी कदम
माघी मेला में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का स्टाल, श्रद्धालुओं को निःशुल्क कानूनी मदद और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जा रही है।
साहिबगंज : ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी राजमहल में आयोजित सुप्रसिद्ध माघी मेला के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को केवल आध्यात्मिक शांति ही नहीं, बल्कि उनके अधिकारों के प्रति सजग करने की एक सराहनीय पहल की गई है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज अखिल कुमार के मार्गदर्शन में मेला परिसर में एक विशेष विधिक सहायता एवं जागरूकता स्टाल लगाया गया है।

स्टॉल की प्रमुख गतिविधियों में मौके पर कानूनी परामर्श (लीगल एड) प्रदान किया जा रहा है, जहां कानूनी समस्याओं या लंबित मामलों से जुड़े लोगों को पैरा लीगल वॉलंटियर्स - न्याय मित्रों द्वारा तत्काल उचित सलाह दी जा रही है। इसके साथ ही आम जनता को लोक अदालत, मध्यस्थता के लाभ, बच्चों एवं महिलाओं से संबंधित सख्त कानूनों तथा मौलिक अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। स्टाल पर आने वाले लोगों के बीच कानूनी नियमों, सरकारी योजनाओं एवं प्रक्रियाओं से संबंधित पंपलेट एवं पुस्तिकाओं का वितरण भी किया जा रहा है।
साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे पेंशन, राशन, स्वास्थ्य एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया एवं पात्रता की जानकारी दी जा रही है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। मेला परिसर में लगाए गए इस विधिक सहायता स्टाल पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखी जा रही है। दूर-दराज से आए लोग न केवल गंगा में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं, बल्कि इस स्टाल के माध्यम से अपनी कानूनी उलझनों का समाधान भी प्राप्त कर रहे हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की यह पहल सामाजिक न्याय एवं विधिक सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी और सराहनीय कदम के रूप में देखी जा रही है।
