हेमंत सरकार की चुप्पी के कारण संथाल में बढ़ रहे घुसपैठिए: बाबूलाल मरांडी
बाबूलाल बोले- भाजपा सरकार बनते ही राज्य में 2.87 लाख पदों पर होगी बहाली
जनसभा में बाबूलाल मरांडी ने कहा, जेएमएम-कांग्रेस ने वोटबैंक के लिए संथाल को बर्बाद होने के लिए छोड़ दिया. बीजेपी सरकार बनने पर 500 में गैस सिलेंडर और महिलाओं को 2100 रुपए प्रतिमाह मिलेंगे.
साहेबगंज: नामांकन के अंतिम दिन बरहेट से गमालियल हेंब्रम, लिट्टीपाड़ा प्रत्याशी बाबूधन मूर्मु, महेशपुर विस से नवनीत हेंब्रम और टुंडी से विकास महतो ने नामांकन पर्चा भरा. इस दौरान नामांकन सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी जी ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में आदिवासियों के अस्तित्व को बचाने और घुसपैठ रोकने के लिए एनआरसी लागू करना बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि राज्य में झामुमो-कांग्रेस के संरक्षण में बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देकर उनका अवैध दस्तावेज तैयार किया जा रहा है, जो राज्य के लिए गंभीर खतरे के संकेत हैं. उन्होंने 1951 के जनगणना के आंकड़ों को पेश करते हुए आदिवासियों की घटती आबादी को लेकर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि राज्य में जनजातिय आबादी 36% थी, जो 2011 की जनगणना में घटकर 26% हो गई है. वहीं मुसलमानों की आबादी 9% से बढ़कर लगभग 14.5% तक जा पहुंची है. आगे कहा कि राज्य में आज हिंदुओं की आबादी भी लगभग 7% घटकर 88% से 81% पर पहुंच गई है.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि संथाल के साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, गोड्डा व जामताड़ा समेत 6 जिलों से 16% जनजातीय समुदाय की आबादी कम हुई है. वहीं मुस्लिमों की आबादी में 13% की वृद्धि हुई है. उन्होंने कहा कि साहिबगंज और पाकुड़ में तो मुस्लिमों की संख्या सबसे ज्यादा 35% बढ़ी है.

