Koderma News: निजी स्कूल में हादसा, आधा दर्जन बच्चे एवं मजदूर घायल
अल्बेसटर लगाने के वक्त हुआ हादसा
कोडरमा: कोडरमा थाना अंतर्गत लरियाडीह गांव में संचालित रॉयल वैली नामक एक प्राइवेट स्कूल में एक दर्दनाक हादसा हो गया. घटना में आधा दर्जन बच्चे और निर्माण कार्य में जुटा एक मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हो गया. ज्ञात हो कि लरियाडीह स्थित आरवीपी विद्यालय में यह घटना तब घटी जब वहां के एक कमरे में बच्चे पठन-पाठन कर रहे थे और उसी कक्षा के छत का निर्माण कराया जा रहा था. मामले की जानकारी देते हुए मजदूर महेश कुमार ने बताया कि वे लोग विद्यालय के एक कमरे में दीवार पर अल्बेसटर लगा रहे थे कि वह उनके हाथ से छूट गया और वह नीचे कक्षा में बैठे बच्चों पर गिर गया. साथ ही दीवार पर लगी ईंटें भी बच्चों के सिर पर जा गिरी. जिससे बच्चे घायल हो गए. वहीं मजदुर महेश का नियंत्रण बिगड़ जाने से वे भी कक्षा में गिर पड़े. घटना में आधा दर्जन बच्चे व उक्त मजदूर घायल हो गए. विद्यालय प्रशासन द्वारा सभी घायलों को सदर अस्पताल ले जाया गया. जहां सभी का इलाज जारी है.
घटना में घायल हुए बच्चे
इस घटना में लरियाडीह निवासी 8 वर्षीय आयुषी कुमारी पिता जितेंद्र कुमार सिंह, 8 वर्षीय रौशन कुमार पिता दीपक सिंह, 8 वर्षीय नरेश कुमार पिता जीतन दास, 10 वर्षीय मो. शाहिद पिता मो. फिरोज, 12 वर्षीय मो. शहजाद पिता मो. महबूब तथा 9 वर्षीय प्रिंस कुमार पिता राजू यादव घायल हैं. सभी छात्र कक्षा छह छात्र बताए जा रहे हैं.
