Koderma News: विश्व जल दिवस पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित
जल संरक्षण के उपायों को दैनिक जीवन में अपनाना आवश्यक: डॉ नीरा यादव
विश्व जल दिवस 2026 के अवसर पर कोडरमा के झुमरीतिलैया में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल द्वारा 'जल महोत्सव' का आयोजन किया गया। विधायक डॉ. नीरा यादव और उपायुक्त ऋतुराज ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यशाला में 'जल एवं लैंगिक समानता' की थीम पर चर्चा हुई और जल सहियाओं को जल जांच किट बांटे गए। नुक्कड़ नाटक के जरिए जल संरक्षण का संदेश दिया गया और अंत में सभी उपस्थित लोगों ने 'कैच द रेन' अभियान को सफल बनाने और पानी की हर बूंद बचाने की शपथ ली।
कोडरमा: विश्व जल दिवस के अवसर पर रविवार को पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, झुमरीतिलैया के सौजन्य से जल महोत्सव के अंतर्गत जिला स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया गया तथा उन्हें जल दिवस के अवसर पर तैयार किए गए स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) प्रदान किए गए। तत्पश्चात विधायक डॉ. नीरा यादव, उपायुक्त ऋतुराज, जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव एवं उप विकास आयुक्त रवि जैन सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जल संरक्षण में जल सहिया दीदियों की महत्वपूर्ण भूमिका है, क्योंकि वे समाज के बीच जागरूकता फैलाने का कार्य करती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि जल स्रोतों के संरक्षण एवं निर्माण पर विशेष ध्यान दें तथा जल संबंधी समस्याओं, जैसे खराब चापाकल या हैंडपंप की सूचना समय पर दें, ताकि शीघ्र मरम्मत की जा सके। जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव ने कहा कि जल के बिना जीवन संभव नहीं है, इसलिए जल का संरक्षण और बचत हम सभी की जिम्मेदारी है।
उपविकास आयुक्त रवि जैन ने बताया कि विश्व जल दिवस 2026 का थीम जल एवं लैंगिक समानता पर आधारित है। उन्होंने कहा कि जहां जल की उपलब्धता होगी, वहां समानता भी सुनिश्चित होगी। कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. नीरा यादव, उपायुक्त ऋतुराज, जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव एवं उप विकास आयुक्त रवि जैन द्वारा जल सहियाओं के बीच जल स्रोतों की जांच के लिए किट का वितरण किया गया। अंत में विधायक ने उपस्थित सभी लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई।
शपथ में पानी के विवेकपूर्ण उपयोग, प्रत्येक बूंद के संचयन, ‘कैच द रेन’ अभियान को बढ़ावा देने तथा परिवार, मित्रों एवं समाज को जल संरक्षण के प्रति प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता अनुज सिन्हा, सहायक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में जल सहिया दीदियां उपस्थित रहीं।
