Giridih News: के एन बक्शी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में धूमधाम से मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस
सांस्कृतिक कार्यक्रम में अस्निला टुडू एवं उनके समूह ने संथाली नृत्य, बुलबुल कुमारी व अनुपा कुमारी ने एकल नृत्य, बीरेंद्र मरांडी ने एकल गान और माइकल मुर्मू ने एकल नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
गिरिडीह: 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर के एन बक्शी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, बेंगाबाद में मंगलवार को धूमधाम के साथ समारोह आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजीत कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर बीएड व डीएलएड के प्रशिक्षणार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण और बच्चे भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. अजीत कुमार सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और आजादी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 15 अगस्त 1947 को मिली आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भारत ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और यदि 140 करोड़ देशवासी कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करें तो 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित किया जा सकता है।
