दुमका विधानसभा उपचुनाव के लिए झामुमो ने दिया मुख्ममंत्री हेमंत के भाई बसंत सोरेन को टिकट
रांची : झारखंड की दुमका विधानसभा सीट के लिए होने जा रहे उपचुनाव के लिए राज्य की मुख्य सत्ताधारी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बसंत सोरेन को उम्मीदवार बनाया है। बसंत सोरेन झामुमो युवा मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं।

बसंत राज्य के मुख्यमंत्री व झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन के छोटे भाई और झामुमो प्रमुख व राज्यसभा सदस्य शिबू सोरेन के छोटे बेटे हैं। पिछले साल अंत में हुए झारखंड विधानसभा चुनाव में हेमंत सोरेन के दुमका व बरेहट दो सीटों से जीतने के बाद से ही यह अनुमान लगाया जा रहा था कि अगर मुख्यमंत्री दुमका सीट छोड़ेंगे तो बसंत सोरेन वहां से उम्मीदवार हो सकते हैं।
हालांकि एक संभावना यह भी जतायी जा रही थी कि हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को दुमका से उम्मीदवार बनाकर उन्हें राजनैतिक रूप से लांच किया जा सकता है, पर ऐसा नहीं किया गया। हेमंत सोरेन के लिए भी पत्नी की तुलना में भाई को उम्मीदवार बनाना अधिक व्यावहारिक फैसला है।
बसंत सोरेन की उम्मीदवारी की घोषणा झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने की। उन्होंने कहा कि इसके लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें अधिकृत किया है। उन्होंने बताया कि बसंत सोरेन का नामांकन 12 अक्तूबर, दिन सोमवार को होगा। उन्होंने कहा कि दुमका उपचुनाव में पार्टी के केंद्रीय नेता, कांग्रेस व राजद व अन्य दल हमारे उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करे। उन्होंने बेरमो सीट के लिए कांग्रेस से जल्द उम्मीदवार के नाम का ऐलान करने की उम्मीद जतायी।
झारखंड उपचुनाव: JMM महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य की प्रेस कॉन्फ्रेंस@HemantSorenJMM @JmmJharkhand @manishzeemedia_ pic.twitter.com/S6B2Be59mk
— Zee Bihar Jharkhand (@ZeeBiharNews) October 1, 2020
उधर, भाजपा की ओर से रधुवर सरकार में मंत्री रही लुईस मरांडी के चुनाव लड़ने की संभावना है। लुईस मरांडी ने 2014 के चुनाव में हेमंत सोरेन को दुमका सीट पर चुनाव में हराया था, लेकिन 2019 में वे खुद हेमंत सोरेन से हार गयीं।
दुमका विधानसभा उपचुनाव झामुमो व भाजपा दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई है। झारखंड में उपचुनावों में सामान्यतः सत्ताधारी दल को हार मिलती रही है, इसलिए झामुमो को अधिक सतर्कता से अपनी रणनीति तय करनी होगी।
