CM के कार्यक्रम में बच्चों को भाजपा की टोपी पहनाने का प्रकरण, मामला दर्ज
गिरिडीह : बीते 23 अक्टूबर को जोहर जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान बच्चों को भाजपा की टोपी पहनाने के मामले में एफआईआर दर्ज हो गया है। चाइल्ड वेलफेयर कमिटी गिरिडीह के अध्यक्ष विमल कुमार यादव के लिखित शिकायत पर पचंबा थाना में अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सीएम के कार्यक्रम में उड़ी बाल नियमों की धज्जियां, स्वागत में खड़े कर दिए गए स्कूली बच्चे

गौरतलब है कि जोहार जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान सीएम रघुवर दास का गिरिडीह में रोड शो हुआ था। रोड शो के दौरान स्कूली बच्चों को भाजपा की टोपी पहनाकर एवं पट्टा लगाकर पंक्तिबद्ध पुष्पवर्षा के लिए खड़ा करवाया गया था। जो कि बाल अधिकारों का हनन है। समृद्ध झारखंड ने इस मामले को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था। इसके बाद कई राजनीतिक दलों ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की थी।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने इसको लेकर उपायुक्त को लिखित शिकायत भी की थी। वहीं इसके बाद उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने जांच टीम का गठन किया था। वहीं इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील अग्रवाल से स्पष्टीकरण भी मांगा गया था। जिसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा था कि वो नहीं जानते कि स्कूली बच्चों को टोपी और पट्टा लगाकर किसने सड़क पर खड़ा किया था। अब इस प्रकरण में बाल कल्याण समिति गिरिडीह अध्यक्ष के लिखित शिकायत पर मामला तो दर्ज हो गया है। देखना होगा आगे इस मामले पर क्या कुछ होता है।
