Ranchi News: पुलिस स्मृति दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन
शिविर में कुल 62 यूनिट किया गया रक्तदान
देश रक्षा हेतु शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति में मोरहाबादी, राँची के मॉर्निंग वाकर्स (आम नागरिक) एवं पुलिस पदाधिकारी / पुलिसकर्मी द्वारा रक्तदान कर अभिवादन किया.
रांची: पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मोरहाबादी, राँची में सोमवार को मॉर्निंग वाकर्स एसोसिएशन के ज्ञान प्रकाश साहु के नेतृत्व में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. इस आयोजन में संजय आनन्दराव लाठकर, अपर पुलिस महानिदेशक (अभियान), आलोक प्रियदर्शी, पुलिस अधीक्षक, झारखण्ड जागुआर, झारखण्ड सशस्त्र पुलिस एवं पुलिस मुख्यालय के अन्य पुलिस पदाधिकारी/पुलिसकर्मी, साथ ही अतुल गैरा (लाइव सेवर, राँची) और मॉर्निंग वाकर्स के आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
इस रक्तदान शिविर में अपर पुलिस महानिदेशक (अभियान), झारखण्ड, राँची सहित 6 पुलिस पदाधिकारी, 33 पुलिसकर्मी एवं 22 मॉर्निंग वाकर्स (आम नागरिक) ने मिलकर कुल 62 यूनिट रक्तदान किया. आम नागरिकों ने शहीद पुलिसकर्मियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए यह प्रण लिया कि वे इस वर्ष की भांति हर वर्ष उनकी स्मृति में रक्तदान करते रहेंगे. कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के बलिदान को सम्मानित करना था, जिन्होंने कर्तव्य पालन में अपने प्राणों की आहुति दी. सभी पुलिसकर्मियों एवं आम नागरिकों ने रक्तदान के माध्यम से मानव जीवन को बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया.

