Jharkhand Politics: विधानसभा में गूंजेगा JPSC-JSSC मामला, बाबूलाल मरांडी ने सरकार को घेरा
JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI जांच की मांग
रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलनरत छात्रों से नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया। उन्होंने JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की।
रांची: झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छात्रों के साथ करीब 15 मिनट तक बातचीत कर उनकी मांगों और आंदोलन से जुड़े विभिन्न मुद्दों की जानकारी ली।
छात्रों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के पूरे मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों की प्रमुख मांग परीक्षाओं को रद्द कर निष्पक्ष जांच कराना है और भाजपा इन मांगों के समर्थन में सड़क से लेकर सदन तक उनके साथ खड़ी है।

'यह केवल पेपर लीक नहीं, नौकरी बेचने का मामला'
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ परीक्षाओं में चुनिंदा अभ्यर्थियों को पहले से प्रश्न और उत्तर उपलब्ध कराए गए। साथ ही उन्होंने कहा कि जेपीएससी की परीक्षा में कट-ऑफ अंक समय पर जारी नहीं किए गए और बाद में जारी सूची में अधिक अंक प्राप्त करने वाले कई अभ्यर्थियों का चयन नहीं हुआ।
'पैसे देकर नौकरी पाने वाले भ्रष्टाचार को बढ़ावा देंगे'
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि पैसे के बल पर सरकारी नौकरियां मिलेंगी तो ऐसे कर्मचारी आने वाले वर्षों में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देंगे। उन्होंने कहा कि इससे झारखंड की प्रशासनिक व्यवस्था और राज्य का भविष्य प्रभावित होगा।
उन्होंने मांग की कि यदि सरकार वास्तव में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना चाहती है तो जेपीएससी और जेएसएससी के अध्यक्ष, परीक्षा नियंत्रक और सचिव को तत्काल पद से हटाकर पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए। साथ ही दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
सरकार की संवेदनशीलता पर भी उठाए सवाल
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि लगातार आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रति सरकार और प्रशासन को अधिक संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि बारिश और कठिन परिस्थितियों में आंदोलन कर रहे छात्रों की समस्याओं के समाधान के बजाय उन्हें नियमों का हवाला देकर परेशान किया गया।
इस मौके पर भाजपा विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, मनोज यादव, नागेंद्र महतो, डॉ. नीरा यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, अमित यादव, शत्रुघ्न महतो, उज्ज्वल दास, मंजू कुमारी, प्रदीप प्रसाद, पूर्णिमा साहू, आजसू विधायक निर्मल महतो, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।
Related Posts


Latest News







