Shravani Mela 2026 : देवघर प्रशासन की डिजिटल पहल, श्रावणी मेला में फोटो अपलोड कर दर्ज करा सकेंगे शिकायत
शिकायत के साथ फोटो अपलोड करने की भी मिलेगी सुविधा
विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए देवघर जिला प्रशासन ने क्यूआर कोड आधारित शिकायत निवारण प्रणाली शुरू की है। मेला क्षेत्र में लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर श्रद्धालु शौचालय, पेयजल, साफ-सफाई, स्वास्थ्य शिविर, होल्डिंग प्वाइंट और कांवरिया रूट से जुड़ी शिकायतें दर्ज कर सकेंगे।
देवघर: विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने क्यूआर कोड आधारित शिकायत निवारण प्रणाली शुरू की है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी उद्देश्य से नई तकनीकों का उपयोग करते हुए शिकायत दर्ज कराने की आधुनिक व्यवस्था लागू की गई है।
उपायुक्त ने बताया कि मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं। यदि किसी श्रद्धालु को शौचालय, पेयजल, साफ-सफाई, स्वास्थ्य शिविर, प्रशासनिक शिविर, होल्डिंग प्वाइंट या कांवरिया रूटलाइन से संबंधित किसी प्रकार की असुविधा होती है, तो वह संबंधित स्थल पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। शिकायत के साथ समस्या से संबंधित तस्वीर भी अपलोड की जा सकती है, जिससे समस्या की वास्तविक स्थिति का तत्काल आकलन किया जा सके।

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि देवतुल्य श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि है। प्रशासन का प्रयास है कि बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित, सुगम और संतोषजनक व्यवस्था का अनुभव करें तथा सकारात्मक अनुभूति के साथ अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करें। नई शिकायत निवारण प्रणाली मेला प्रबंधन को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
Related Posts


Latest News







