Dumka News: श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर DC अभिजीत सिन्हा ने किया बासुकीनाथ का निरीक्षण
सुरक्षित और सुगम जलार्पण कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों का जायजा लेने दुमका डीसी अभिजीत सिन्हा बासुकीनाथ पहुंचे और बेदिया-तारा मंदिर रूट लाइन, टेंट सिटी, शिवगंगा तथा निर्माणाधीन टेंट अस्पताल का निरीक्षण कर सुरक्षा, स्वच्छता व चिकित्सा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश दिए।
दुमका: राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव 2026 के सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बासुकीनाथ पहुंचकर सम्पूर्ण मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन, रूट लाइन, आवासन, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित मेला आयोजन से जुड़ी विभिन्न तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बेदिया, दर्शनिया टीकर, तारा मंदिर होते हुए रूट लाइन, शिवगंगा सहित सम्पूर्ण मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो तथा उन्हें सुगमतापूर्वक एवं सुरक्षित तरीके से बाबा बासुकीनाथ का दर्शन एवं जलार्पण कराया जाए। रूट लाइन में श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।


उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि पूरे मेला अवधि के दौरान नियमित रूप से सफाई कार्य कराया जाए। कूड़ा-कचरा का त्वरित उठाव एवं उचित निस्तारण सुनिश्चित हो। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था की लगातार निगरानी करने तथा श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
रूट लाइन में पेयजल एवं चिकित्सा सुविधा की उपलब्धता को लेकर भी उपायुक्त ने आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रूट लाइन में पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था रहे तथा श्रद्धालुओं के लिए मेडिकल टीम, आवश्यक दवाइयां एवं प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध हो। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बेहतर एंबुलेंस व्यवस्था को भी सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया।
इस दौरान उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में निर्माणाधीन टेंट अस्पताल का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध कराई जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि टेंट अस्पताल में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता, आवश्यक दवाइयां, प्राथमिक उपचार एवं अन्य जरूरी चिकित्सा संसाधन समय पर सुनिश्चित किए जाएं, ताकि मेला के दौरान श्रद्धालुओं को त्वरित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सके।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि मेला क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति एवं प्रकाश व्यवस्था निर्बाध रहे। बिजली के तारों एवं अन्य विद्युत संरचनाओं की नियमित जांच कर सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, अग्निशमन व्यवस्था को भी पूरी तरह दुरुस्त एवं सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने मेला क्षेत्र में लगाए जा रहे सूचना एवं सहायता केंद्रों को भी प्रभावी बनाने का निर्देश दिया, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को रूट, आवासन, चिकित्सा, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित जानकारी आसानी से मिल सके। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पर्याप्त संख्या में सहायता कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने को कहा गया।
उपायुक्त ने कहा कि राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव 2026 का सफल आयोजन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। श्रद्धालुओं को बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं कार्यरत एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेला शुरू होने से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि बाबा बासुकीनाथ के दर्शन एवं जलार्पण के लिए आने वाले श्रद्धालु सुखद, सुरक्षित एवं सुगम अनुभव के साथ अपने गंतव्य की ओर लौट सकें।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


