Dumka News: राजकीय श्रावणी मेला 2026, उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने तैयारियों को लेकर की विभागवार समीक्षा
सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ की होगी प्रतिनियुक्ति
राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव-2026 के सफल आयोजन हेतु उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने समीक्षा बैठक कर सभी विभागों को बासुकीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्य 24 जुलाई तक हर हाल में पूरे करने के निर्देश दिए हैं।
दुमका: राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेला की तैयारियों की विभागवार समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य मिशन मोड में पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालु बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक व्यवस्था का समय रहते परीक्षण कर लें।


पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पूरे मेला क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही पर्याप्त संख्या में शौचालयों की व्यवस्था कर उनकी नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शिवगंगा से संबंधित कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने फिल्टरेशन सिस्टम सहित सभी लंबित कार्यों को समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।बताया गया कि सफाई कर्मियों की निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है तथा पूरे मेला अवधि में पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी, जिससे मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।
बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पूरे मेला क्षेत्र में बेहतर एवं आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की जाए। रंगीन लाइटों से मेला क्षेत्र को सजाया जाए तथा सभी विद्युत तारों एवं उपकरणों की समय रहते जांच कर आवश्यक मरम्मत कर ली जाए, ताकि किसी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न नहीं हो।
यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि ट्रैफिक मैनेजमेंट की समुचित योजना बनाकर प्रभावी ढंग से लागू की जाए। पार्किंग स्थलों का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जाए।
पूरे मेला अवधि में आपदा की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ की प्रतिनियुक्ति की जाए, जानकारी दी गयी कि इस हेतु संबंधित विभाग को पत्र भेजा जा चुका है।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जलार्पण काउंटरों का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार रंग-रोगन एवं मरम्मत कार्य अविलंब पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में जानकारी दी गई कि प्रसाद एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की दर निर्धारित कर ली गई है, ताकि श्रद्धालुओं से निर्धारित मूल्य ही लिया जाए और किसी प्रकार की अनियमितता न हो।
बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि 24 जुलाई 2026 तक अपने-अपने विभाग से संबंधित सभी तैयारियां हर हाल में पूर्ण कर लें। उन्होंने कहा कि राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव-2026 के सफल आयोजन में सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी एवं समन्वय के साथ कार्य करना सुनिश्चित करें।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


