Dumka News: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कल्याण विभाग की योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की
उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान रहे मौजूद
दुमका उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने समाहरणालय में कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए छात्र-छात्राओं को समय पर साइकिल वितरित करने तथा अवैध वसूली व लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
दुमका: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में कल्याण विभाग से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति, छात्रावासों के निर्माण, साइकिल वितरण, विद्यालयों के मरम्मत कार्य एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कल्याण विभाग के तहत निर्माणाधीन विभिन्न भवनों एवं अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उन्हें सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर अविलंब संबंधित विभाग को हैंडओवर किया जाए, ताकि उनका उपयोग शीघ्र प्रारंभ हो सके।


उपायुक्त ने विद्यालयों की आधारभूत संरचना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि छोटे-छोटे विद्यालयों के मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।
बैठक के दौरान काठीकुंड में कल्याण विभाग द्वारा संचालित अस्पताल की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अस्पताल की कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि कल्याण विभाग के सभी विद्यालयों में नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच शिविर (हेल्थ कैंप) आयोजित किए जाएं, ताकि छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की समय-समय पर जांच हो सके तथा आवश्यक उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कल्याण विभाग की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध ढंग से कार्यों को पूर्ण करें। बैठक में उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान सहित संबंधित विभाग के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


