Palamu News: फोन पर दूसरी लड़की से बात करने का विरोध करने पर विवाहिता प्रताड़ित
गंभीर हालत में एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर
पलामू के पांकी थाना क्षेत्र में पति की मानसिक प्रताड़ना और मारपीट से तंग आकर एक 22 वर्षीय महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसका इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
पलामू: पांकी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मंगलपुर गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक 22 वर्षीय विवाहिता द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की पहचान मंगलपुर निवासी आदित्य साव की पत्नी लीलावती देवी (22 वर्ष) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को लीलावती देवी ने मानसिक तनाव में आकर घर में रखे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जहरीला पदार्थ खाते ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह अचेत हो गई। आनन-फानन में परिजनों द्वारा उसे इलाज के लिए पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया।


अस्पताल में होश में आने के बाद पीड़िता लीलावती देवी ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने बताया कि उसका पति आदित्य साव हमेशा फोन पर किसी दूसरी लड़की से बात करता है। जब भी वह इसका विरोध करती है, तो पति उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगता है। इसी घरेलू कलह और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर उसने गुस्से में जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस अधिकारी और जवान विकास कुमार व महेंद्र कुमार तुरंत अस्पताल पहुंचे। पुलिस टीम ने पीड़िता के परिजनों और अस्पताल में मौजूद लोगों से घटना के संबंध में पूरी जानकारी ली। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की गहन छानबीन में जुट गई है।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


