रांची सिविल कोर्ट को बम धमकी, सुरक्षा जांच जारी
पुलिस और बम निरोधक दल ने कोर्ट के सभी कक्षों की तलाशी ली
रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर में जांच अभियान चलाया। किसी प्रकार का विस्फोटक नहीं मिला, लेकिन सुरक्षा सतर्कता जारी है।
रांची : सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शनिवार को दूसरे दिन भी सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर में सघन जांच अभियान चलाया। रांची पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ते ने जिला जज, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) सहित सभी न्यायिक अधिकारियों के कक्षों और भवनों की बारीकी से तलाशी ली। जांच के दौरान किसी भी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है।
दरअसल, शुक्रवार को सिविल कोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक अज्ञात संदेश भेजकर परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी थी और तत्काल जांच शुरू कर दी थी।
धमकी के बाद से ही पुलिस टीम कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर कड़ी नजर रख रही है। संदिग्ध प्रतीत होने पर लोगों की तलाशी ली जा रही है और परिसर में मौजूद वस्तुओं की भी जांच की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी और जांच अभियान जारी रहेगा।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.
