Koderma News: प्रसव के दौरान नवविवाहिता की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
22 वर्षीया नवविवाहिता की मौत के बाद सीएचसी में भारी आक्रोश
कोडरमा के सतगावां प्रखंड के सीएचसी (CHC) सतगावां में प्रसव के दौरान एक 22 वर्षीया नवविवाहिता तरनुम प्रवीण की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि रविवार को बच्ची को जन्म देने के बाद तरनुम को लगातार ब्लीडिंग हो रही थी, लेकिन ड्यूटी पर तैनात नर्सों ने उसे रेफर करने में भारी देरी की। अंततः रात 12 बजे सदर अस्पताल कोडरमा भेजे जाने पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को अस्पताल परिसर में शव के साथ प्रदर्शन किया, जिसके बाद बीडीओ ओम प्रकाश बड़ाईक ने परिजनों को सरकारी लाभ और सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया।
कोडरमा: सतगावां प्रखंड के बासोडीह ग्राम पंचायत अंतर्गत मोदीडीह टोला में उस वक्त मातम पसर गया, जब प्रसव के लिए अस्पताल गई एक 22 वर्षीया नवविवाहिता की मौत इलाज के दौरान हो गई। मृतका की पहचान मोदीडीह निवासी मोहम्मद हबीब की पुत्री तरनुम प्रवीण 22 वर्ष के रूप में हुई है। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां के कर्मियों पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार, तरनुम प्रवीण की शादी मोहम्मद वाजिद से अप्रैल 2025 में बिहार शरीफ छजू मोहल्ला में हुई थी। वह अपने पहले प्रसव के लिए मायके आई हुई थी। रविवार सुबह लगभग 9 बजे प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने उसे सीएचसी सतगावां में भर्ती कराया। रविवार शाम करीब 3 बजे उसने एक बच्ची को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद लगातार रक्तस्राव (ब्लीडिंग) हो रहा था।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन और प्रखंड विकास पदाधिकारी ओम प्रकाश बड़ाईक मौके पर पहुंचे और आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास करते हुए आश्वासन दिया कि परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ और बच्चों के भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
