झारखंड क्रांतिकारी मजदूर यूनियन एक मई से पूरे महीने झारखंड के विभिन्न हिस्सों में करेगा कार्यक्रम

रांची : झारखंड क्रांतिकारी मजदूर यूनियन एक मई को मजदूर दिवस के मौके पर केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ कार्यक्रम का आयोजन करेगा। बोकारो थर्मल के शहीद काॅमरेड सत्यनारायण भट्टाचार्य मैदान में इस दिन मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा और इसके साथ ही पूरे मई के महीने झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में केंद्र की नीतियों के खिलाफ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

एक मई के मुख्य कार्यक्रम में बोकारो थर्मल में एक बजे शहीद बेदी पर माल्यार्पण किया जाएगा। दो बजे रैली व जुलूस निकाला जाएगा। उसी दिन तीन बजे आम सभा व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
झारखंड क्रांतिकारी मजदूर यूनियन ने अपील की है कि केंद्र की मोदी सरकार के द्वारा मजदूरों के अधिकारों में कटौती व मजदूरों के अधिकारों पर काॅरपोरेट हमलों के खिलाफ एकजुट होकर काम करें।
44 श्रमिक कानून खत्म कर केंद्र सरकार ने चार लेबर कोड बनाने की प्रक्रिया शुरू की है। संगठन ने कहा है कि इन लेबर कोड के जरिए मोदी सरकार श्रमिकों को बंधुआ मजदूर बनाना चाहती है। संगठन के अनुसार, केंद्र की जनविरोधी नीति से मजदूर, किसान, युवा, छात्र, दलित, आदिवासी व अल्पसंख्यक त्रस्त हैं। देश नहीं बिकने दूंगा का नारा लगाने वाले मोदी आज रेल, भेल, अवाई अड्डे, बैंक, बीमा, इस्पात, कोल ब्लाॅक, यूरेनियम और बिजली अपने पूंजीपति दोस्तों को औने-पौने दाम पर बेचने को बेताब हैं। मोदी सरकार की जनविरोध नीति के खिलाफ देश के हर तबके में आज आक्रोश है। दलित-आदिवासियों ने मोर्चा खोल रखा है।