Hazaribagh News: मच्छरों के प्रकोप को देखते हुए तलसवार पंचायत में डेल्टा मैट्रिन दवा का छिड़काव
तलसवार पंचायत के सभी मलेरिया प्रभावित गांव व क्षेत्रों को देखते हुए सभी जगहों पर कीटनाशी छिड़काव किया जाएगा।
(हजारीबाग) बड़कागांव: मच्छरों की प्रकोप को देखते हुए बड़कागांव तलसवार पंचायत के पलांडू में कीटनाशी दवा डेल्टा मैट्रिन का छिड़काव किया गया है।उक्त कार्य के लिए जिला स्वास्थ्य समिति हजारीबाग एवं बड़कागांव प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अविनाश कुमार के संयुक्त नेतृत्व में शुरू किया गया। तलसवार पंचायत के सभी मलेरिया प्रभावित गांव व क्षेत्रों को देखते हुए सभी जगहों पर कीटनाशी छिड़काव किया जाएगा।
उक्त आशय की जानकारी देते हुए मलेरिया सुपरवाइजर तरुण कुमार शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को तलसवार पंचायत के पलांडू में 30 घरों में कीटनाशक दवा का छिड़काव किया गया है,जो पूरे पंचायत में किया जाना है।आगे उन्होंने बताया कि मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाने के कारण क्षेत्र में मलेरिया पॉजिटिव की संख्या में वृद्धि हो गई है जिसे देखते हुए यह छिड़काव कार्य कराया जा रहा है। आगे उन्होंने ग्रामीणों से सहयोग करने की आशा की है। कीटनाशी छिड़काव में मुख्य रूप से मुकेश गोस्वामी और सहिया उषा देवी मौजूद थे।
