Hazaribagh News: आठ वार्डों में 206 स्ट्रीट लाइटें स्थापित, अंधेरे से मिलेगी राहत
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में पूरे शहर को स्ट्रीट लाइट से रोशन करने का लक्ष्य रखा गया है।
हजारीबाग: शनिवार को हजारीबाग नगर निगम की ओर से शहरवासियों को बड़ी राहत देने वाला कदम उठाया गया। सहायक नगर आयुक्त विपिन कुमार के नेतृत्व में शहर के वार्ड संख्या 2, 5, 6, 9, 17, 31, 32 और 33 में कुल 206 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई गईं। इस कदम से इन वार्डों के लोगों को अब अंधेरे की समस्या से छुटकारा मिलेगा और शाम के बाद होने वाली असुविधा काफी हद तक कम हो जाएगी।
स्ट्रीट लाइट टीम को यह निर्देश भी दिया गया है कि जिन वार्डों में अब तक स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई गई है, वहां जल्द से जल्द इस कार्य को पूरा किया जाए। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त बिपिन कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरे इंस्टॉलेशन एवं मिट्टी कार्य की बारीकी से निरीक्षण किया। उनके साथ नगर प्रबंधक संतोष कुमार, लाइट इंस्पेक्टर जिदान मुकुट और मार्शल भी मौजूद थे।

