सुप्रीम कोर्ट निर्भया केस के दोषी के क्यूरेटिव पिटिशन पर 14 को करेगा सुनवाई
नयी दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट निर्भया कांड के दोषी के क्यूरेटिव पिटिशन पर सुनवाई को तैयार हो गया है. इसके लिए 14 जनवरी की तारीख तय की गयी है. मालूम हो कि निचली अदालत से निर्भया के चार दोषियों के खिलाफ डेथ वारंट जारी हो चुका है और इसके लिए 22 जनवरी की तारीख और सुबह सात बजे का वक्त मुकर्रर किया गया है. निचली अदालत के इस फैसले के बाद दो दोषियों ने अलग-अलग क्यूरेटिव पिटिशन दायर की है. जिन दो दोषियों ने क्यूरेटिव पिटिशन दायर की है, उनके नाम विनय शर्मा एवं मुकेश हैं. इन्हें अन्य दो दोषी पवन व अक्षय के साथ ही 22 जनवरी को सुबह सात बजे फांसी दिया जाना तय हुआ है.


क्यूरेटिव पिटिशन किसी सजायाफ्ता के लिए न्यायिक बचाव का अंतिम रास्ता होता है. यह राष्ट्रपति के पास दया याचिका लगाने से ठीक पहले दाखिल किया जाता है, जिनके पास फांसी की सजा को उम्रकैद में बदलने का अधिकार होता है.
निचली अदालत ने दोषियों का डेथ वारंट जारी करने के साथ 14 दिन का वक्त उन्हें अपील के लिए दिया था.
Related Posts

Latest News

