रांची के अखबार की सुर्खियां : प्रदीप कांग्रेस में गए तो गिर जाएगी हेमंत सरकार? मुफ्त बिजली देने की तैयारी, अन्य खबरें
रांची : वेलेंटाइन डे के मौके पर अखबारों ने कुछ विशेेष सामग्री पेश की है और इसके साथ ही देश-प्रदेश की अहम खबरों को जगह दी है. सुप्रीम कोर्ट का आपराधिक पृष्ठिभूमि के उम्मीदवारों पर फैसला सबसे अहम खबर है. उसके साथ ही राज्य की कई अलग-अलग खबरों को अखबारों ने अलग-अलग अंदाज में पेश किया है.
प्रभात खबर ने वेलेंटाइन डे पर अपने पहले पन्ने को गुलाबी रंग देते हुए लीड स्टोरी का शीर्षक दिया है: झारखंड की वादियों में गूंज रही हैं, ये अमर प्रेम कहानियां. इसमें झारखंड के अलग-अलग हिस्से की कुछ सच्ची कहानियां हैं. वहीं, परमहंस योगानंद के कथन – प्रेम प्रकृति की सबसे शक्तिशाली भावना – हेडिंग से एक संक्षिप्त आलेख छापा है. प्रभात खबर ने अपनी दुष्कर्म पीड़ित लड़की की अपनी स्टोरी का फाॅलोअप छापा है. हेडिंग है: पीड़िता के दरवाजे पहुंचा प्रशासन. इसकी साइड स्टोरी है: सलाम कीजिये शीला की हिम्मत को और न्याय के लिए लड़ना सीखिए. वहीं, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे का गोड्डा से बड़ा दावा है कि प्रदीप यादव जिस दिन कांग्रेस में जाएंगे उस दिन हेमंत सरकार गिर जाएगी. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के 10 विधायक उनके संपर्क में हैं और कांग्रेस को प्रदीप यादव के बारे में जानना चाहिए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ये 10 विधायक प्रदीप यादव का पार्टी में शामिल होने का विरोध कर रहे हैं. वहीं, कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने भी कहा है कि प्रदीप यादव के पार्टी में आने से उथल-पुथल होगी. उन्होंने कहा कि प्रदीप यादव से हमलोग नाराज हैं और हाइकमान को इससे अवगत करा दिया है.दैनिक जागरण की सुप्रीम कोर्ट से लीड खबर है: सियासी दलों को बताना होगा, दागियों को क्यों दिया टिकट. आपराधिक पृष्ठभूमि के लोगों को टिकट देने पर दलों को देना पूरा ब्यौरा. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सिर्फ जीत ही टिकट देने का पैमाना नहीं हो सकता है. अखबार ने इसके साथ ही चार आम चुनाव के हवाले से लिखा है कि दागियों की संख्या में वृद्धि हुई है. कोडरमा के जेजे काॅलेज से एक खबर है कि प्रेमी जोड़े ने क्लास रूम मेें ही रचा ली शादी. अखबार ने लिखा है कि परिजनों ने लड़की की शादी कहीं और तय कर रखी थी. एक संक्षिप्त खबर है कि अब ट्रेनों में सुबह चाय के साथ गुड मार्निंग भी कहेंगे वेंडर. 19 साल बाद लंदन से संजीव चावला को भारत लाए जाने की खबर भी है.
दैनिक भास्कर ने भी दागी उम्मीदवारों की खबर को लीड बनाया है. शीर्षक है: पार्टियों को बताना होगा चुनाव में दागी क्यों उतारे, बेदाग नेताओं को टिकट क्यों नही ंदिए. अखबार ने एक फ्लैशबैक साइड स्टोरी दी है: सुप्रीम कोर्ट के बार-बार एक जैसे आदेश, फिर भी हर चुनाव में बढ रहे हैं दागी सांसद व विधायक. एक स्टोरी है: रतन टाटा को अमेरिका में प्यार हुआ था, लेकिन भारत-चीन युद्ध के कारण शादी नहीं हो पायी. यह बात खुद रतन टाटा ने फेसबुक पेज ह्यूमंस आॅफ बांबे पर शेयर की. एक खबर है: आइएएस सुनील वर्णवाल के ससुर डाॅ त्रिभुवन को फार्मेसी काउंसिल से हटाया. जीएसटी गड़बड़ी को लेकर एक खबर है: धालभूमगढ की दो कंपनियों पर 25.87 करोड़ की गड़बड़ी का केस. अखबार ने जलस्रोतों के अतिक्रमण की कल की अपनी विशेष स्टोरी का फाॅलोअप किया है और लिखा है कैचमेंट एरिया से अतिक्रमण हटाया जाएगा. वहीं, एक खबर है कि सीआइडी के एडीजी अनुराग गुप्ता सस्पेंड.



