Ranchi News: कांटाटोली फ्लाईओवर पर 30 सितंबर से होगा यातायात चालू!
आवास एवं नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव ने दिए सख्त निर्देश
जुडको और फ्लाईओवर का निर्माण कर रही एजेंसी को हर हाल में 30 सितंबर तक काम पूरा कर इसे यातायात शुरू कराने लायक बनाने का निर्देश दिया गया है. फ्लाईओवर पर लाइट की व्यवस्था के लिए करीब 125 बिजली के पोल लगाने का काम भी चल रहा है. फ्लाईओवर के नीचे एलईडी बल्ब भी लगाए जा रहे हैं. जुडको ने प्रधान सचिव को भरोसा दिलाया है कि माइनर ब्रिज का काम भी 30 सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा.
रांची: जुडको ने दावा किया है कि 30 सितंबर से कांटाटोली फ्लाईओवर पर यातायात शुरू करा दिया. फ्लाईओवर पर दो रैंप बनाए जाएंगे. एक रैंप खादगढ़ा बस स्टैंड के प्रवेश द्वार के पांस नामकुम व बस स्टैंड की ओर जाने के लिए होगा. दूसरा, लालपुर की ओर जाने के लिए पेट्रोल पंप के पास रैंप बनाया जाएगा. बता दें कि आवास एवं नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार सोमवार को निर्माणाधीन कांटाटोली फ्लाईओवर का निरीक्षण करने पहुंचे थे. उन्होंने जुडको और फ्लाईओवर का निर्माण कर रही एजेंसी को हर हाल में 30 सितंबर तक काम पूरा कर इसे यातायात शुरू कराने लायक बनाने का निर्देश दिया है.
निरीक्षण के दौरान प्रधान सचिव ने डीआरए कार्य एजेंसी के प्रतिनिधि से स्पष्ट रूप से कहा कि योगदा मठ बहुबाजार से शांतिनगर कोकर तक फ्लाईओवर पर यातायात शुरू करने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएं. अधिकारियों ने प्रधान सचिव को बताया कि फ्लाईओवर के सभी 486 प्रीकास्ट सेगमेंटल बॉक्स पहले ही चढ़ चुके हैं. सभी बॉक्स को केबल से बांधकर विशेष ग्लू से जोड़ा गया है. सेगमेंटल बॉक्स को सड़क का लुक देने के लिए 50 एमएम की बिटुमिन की परत चढ़ाई गई है. बिटुमिन पर 25 एमएम की मास्टिक अस्फाल्ट की परत चढ़ाने का काम अंतिम चरण में है.

Related Posts

Latest News

