Hazaribagh News: ट्रैक्टर यूनियन ने विष्णुगढ़ पुलिस के खिलाफ खोला मोर्चा
पुलिस के द्वारा बालू लदे ट्रैक्टर से वसूली करने को लेकर ट्रैक्टर मालिकों में नाराजगी
अगर पुलिस वसूली बंद नहीं करती है तो ट्रैक्टर यूनियन के सरयू साव के नेतृत्व में आंदोलन करने की बात कही।
हजारीबाग: विष्णुगढ़ प्रखंड के अंतर्गत गोविंदपुर पंचायत स्थित मां बागेश्वरी मंदिर के समीप रविवार को ट्रैक्टर चालक एवं ट्रैक्टर मालिकों की बैठक की गई जिसकी अध्यक्षता उप प्रमुख सरयू साव ने की। बैठक में बालू लदे ट्रैक्टर से विष्णुगढ़ पुलिस के द्वारा अवैध वसूली को लेकर चालक एवं मालिकों ने नाराजगी जाहिर की और कहा जब तक विष्णुगढ़ पुलिस अवैध वसूली बंद नहीं करती तब तक प्रखंड के सभी बालू घर पूर्ण रूप से बंद रहेगा। अगर पुलिस वसूली बंद नहीं करती है तो ट्रैक्टर यूनियन के सरयू साव के नेतृत्व में आंदोलन करने की बात कही।
थाना प्रभारी ने दी चेतावनी
इस संबंध में थाना प्रभारी सपन कुमार महथा ने बताया विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में अवैध रूप से बालू चोरी कर ढोने के लिए सरयु साव एवं अन्य द्वारा लोगों को उकसाया जा रहा है तथा नदी घाटों से बालू चोरी कर बेचने हेतु लोगों को पुलिस प्रशासन के रोक टोक करने को लेकर विरोध में माहौल बनाया जा रहा है।जिससे सरकार के राजस्व की क्षति तथा कानून व्यवस्था भंग होने की पूर्ण संभावना है।इस संबंध में इस तरह के गैरकानूनी कार्य करने हेतु उकसाने में लिप्त लोगों की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कानुनी कारवाई की जा रही है।किसी की निजी जरूरत हो तो अलग बात हो सकती है हालांकि ये भी अवैध है, लेकिन कोई इसे व्यवसाय बना लेगा और चाहेगा कि पुलिस रोक टोक भी ना करे तब तो सही नहीं है। पुलिस इस अवैध काम को रोकने का प्रयास करेगी।
