सोहराय को लेकर नियोजित अर्द्धवार्षिक परीक्षा की तिथि में परिवर्तन का संताल समाज ने किया स्वागत
दुमका : झारखंड सरकार द्वारा नियोजित अर्धवार्षिक परीक्षा 2023, कक्षा 1 से लेकर 7 तक की तिथि को परिवर्तित कर 16 जनवरी से लेकर 18 जनवरी तक करने के झारखंड सरकार की पहल की सराहना की गयी है। इस मौके पर दिसोम मांझी थान समिति के मुख्य सलाहकार अजय हेंब्रम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो को संथाल परगना के समस्त समाजिक संगठन की ओर से हार्दिक धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा है कि सोहराय संताल आदिवासियों का बहुत बड़ा त्यौहार है। इस पर्व में संथाल समुदाय में भाई-बहन के प्रेम, प्रकृति के प्रेम एवं हमारे मरांग बुरु देवी-देवताओं को स्मरण कर उनकी स्तुति की जाती है। साथ ही 5 दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में सामाजिक समरसता के साथ ग्रामीणों में सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया जाता है। संथाल जनजातियों के इस महापर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए परंपरागत तरीके से विधि विधान के साथ तैयारी की जाती है।

आदिवासी झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने भी धन्यवाद दिया
दुमका : शिक्षा विभाग द्वारा प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के अध्ययनरत वर्ग 1 से 7वीं के छात्र छात्राओं के लिए आयोजित अर्द्धवार्षिक परीक्षा 9 जनवरी से 11 जनवरी 2023 को होनी थी, जिसे परिवर्तित कर 16 जनवरी 2023 से 18 जनवरी 2023 कर दिया गया है। विगत 17 दिसंबर 2022को आदिवासी झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, दुमका द्वारा उक्त परीक्षा तिथि को परिवर्तन की मांग उपायुक्त, दुमका के माध्यम से मुख्यमंत्री झारखंड सरकार से कि गयी थी। झारखंड राज्य के अधिकांश हिस्से उस अवधि में ही सोहराय पर्व मनाया जाता है। झारखंड सरकार ने इस इस विषय को गंभीरता के साथ संज्ञान लिया। इसके लिए आदिवासी झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के नेता नन्द किशोर बास्की ने धन्यवाद दिया है।
