बहादुर लाश नहीं गिनते : राजनाथ
On
-कांग्रेस को बताया गिद्ध, कहा सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगकर आतंकियों को संरक्षण दे रही पार्टी
-पाकिस्तान को चेताया, कहा हम छेड़ेंगे नहीं लेकिन कोई छेड़ेगा तो छोड़ेंगे नहीं
चतरा : भाजपा प्रत्याशी सुनील सिंह के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करने के दौरान देश के गृह मंत्री राजनाथ सिंह कांग्रेस पर शब्दों के तीखे बाण छोड़े। उन्होंने कहा कि सब ने पहले की सरकारों को देखा है और अब भाजपा सरकार के कार्यों को भी देख रहे हैं। कांग्रेस के मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप सिद्ध होते हैं लेकिन आज तक भाजपा सरकार के किसी भी मंत्री पर आरोप तक नहीं लगा है।
उन्होंने कहा कि बहुत ही कम समय में दुनिया के पांच अमीर देशों की श्रेणी में भारत ने तीसरे स्थान पर अपना नाम दर्ज किया है। जनसभा के दौरान गृह मंत्री कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने यह सोच कर सुरक्षा के क्षेत्र में काम नहीं किया कि रूस, चीन और अमेरिका जैसे देश नाराज हो जाएंगे। लेकिन पीएम मोदी ने वैज्ञानिकों का मनोबल बढ़ाया है। जिससे आज हम मजबूत राष्ट्र बन कर खड़े हैं। साथ ही यह भी कहा कि हमारे पास ऐसे मिसाइल है जो दुश्मनों के मिसाइल को लॉन्चिंग से महज तीन मिनट के भीतर नेस्तनाबूद कर सकता है।
राजनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा देश के पक्ष में किये गए यह कार्य कांग्रेसियों को रास नहीं आ रहे है। यही कारण है कि मन में गांठ होने के बाद भी बंधन कर लिया है। ये लोग महागठबंधन करके मोदी के विकास कार्य को रोकना चाहते हैं। गृह मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी कहते हैं हमारी सरकार आएगी तो हम गरीबी को मिटा देंगे। ये लोग लोगों की आंखों में धूल झोंक कर राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति कोई व्यक्ति नहीं संस्था होता है। ऐसे में अगर लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोकतंत्र टूटता है तो देश कमजोर होता है। राजनाथ ने कहा कि जब देश कांग्रेस मुक्त होगा तभी गरीबी मुक्त होगा।
वहीँ उन्होंने पाकिस्तान को निशाने पर लेते हुए कहा कि हम किसी को छेड़ेंगे नहीं लेकिन अगर कोई हमें छेड़ने का प्रयास करेगा तो हम छोड़ेंगे भी नहीं। गृह मंत्री ने कहा कि नक्सलवाद अब सिर्फ सात राज्यों में सिमट कर रह गया है। जिससे अगले दो-तीन वर्षों में उखाड़ फेंकेंगे। भारत में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे मुहिम को कमजोर करने का आरोप लगाया। कहा कि जब हमने पुलवामा अटैक का बदला सर्जिकल स्ट्राइक के रूप में लिया तो कांग्रेस उसका सबूत मांग रहा है। क्या जवान आतंकियों को मारने के बाद प्लेन खड़ी कर लाशें गिनते। उन्होंने कांग्रेसियों पर तंज कसते हुए कहा बहादुर लाशें नहीं गिनते। लाश गिनने का काम गिद्धों का होता है। राजनाथ ने कहा कि जब पाकिस्तान पर कार्रवाई के लिए इंदिरा गांधी की प्रशंसा हो सकती है तो फिर पीएम मोदी की क्यों नहीं। आतंकवाद किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Edited By: Samridh Jharkhand
