दिल्ली चुनाव का असर, भाजपा विधायकों के साथ बैठक के बाद मनोज तिवारी ने की इस्तीफे की पेशकश
Manoj Tiwari Offers To Quit Delhi BJP Chief Post
नयी दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की शानदार जीत के बाद विपक्षी खेमों में इस्तीफे की झड़ी लग गयी है. दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष व प्रभारी के बाद अब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने भी अपने हाइकमान से इस्तीफे की पेशकश की है. दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने आज इस केंद्र शासित प्रदेश में निर्वाचित भाजपा के सभी आठ विधायकों के साथ बैठक की. बैठक में चुनाव परिणाम व उसके कारणों पर मंथन किया गया.
दिल्ली: भाजपा कार्यालय में दिल्ली भाजपा प्रमुख मनोज तिवारी विजयी 8 विधायकों के साथ बैठक करते हुए। pic.twitter.com/hOj4MuYaqV— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 12, 2020
इस बैठक के बाद मनोज तिवारी ने अपने इस्तीफे की पेशकश की है. मनोज तिवारी ने पहले ही हार की जिम्मेवारी ली थी. सूत्रों का कहना है कि उनकी पेशकश के बाद भी पार्टी ने इसे स्वीकार नहीं किया है और उन्हें पद पर अगले कुछ दिनों तक बनाए रखना चाहता है.
सूत्रों के अनुसार, हाइकमान उन्हें पद से हटाना चाहता है और अगली पारी नहीं मिलना भी लगभग तय है, लेकिन ऐसा पार्टी के सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया पूरा होने के बाद ही किया जाएगा. पार्टी के सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया जारी है और इसमें दो महीने का वक्त लगेगा. मालूम हो कि हाल में जेपी नड्डा पार्टी के नए अध्यक्ष चुने गए हैं. इसके बाद सभी राज्य इकाइयों में पार्टी अपना नेतृत्व बदलेगी.




