Koderma News: बंद पड़े पत्थर खदानों की घेराबंदी कराए सरकार: डॉ नीरा
रतनपुर से कोठियार सड़क निर्माण की मांग
कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव ने विधानसभा के शून्यकाल में जिले की कई ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बंद पत्थर खदानों में डूबने से हो रही मौतों पर चिंता जताते हुए इन्हें भरने या घेराबंदी करने की मांग की। साथ ही, डोमचांच में होल्डिंग टैक्स और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्राथमिकी वापस लेने का आग्रह किया। विधायक ने 20 वर्षों से लंबित सपही-सतगावां सड़क निर्माण के लिए वन विभाग से एनओसी दिलाने और पूरनाडीह में 10 करोड़ की लागत से बने कोल्ड स्टोरेज को किसानों के हित में जल्द चालू करने की भी जोरदार मांग की।
कोडरमा: बंद पड़े पत्थर खदानों में पानी भरा हुआ है। बंद पड़े खदानों के कारण कई हादसे हुए हैं और लोगों की जान गयी है। विधायक डॉ नीरा यादव ने विधानसभा में इस मामले को रखते हुए खदानों का पटवन में उपयोग करने, घेराबंदी करने या फिर खदान को भर दिए जाने की मांग की है। उन्होंने शून्यकाल में कहा कि आए दिन इन खदानों में डूबने से लोगों की मौत हो रही है। काराखूट गांव में 28 फरवरी 2026 को एक महिला की मौत हो गई। मृतका संगीता देवी कपड़े धोने खदान के पास गई थीं। इसी दौरान महिला का पैर फिसल गया और वह पानी भरे गहरे खदान में गिर गईं। पानी बहुत गहरा होने की वजह से वह बाहर नहीं निकल सकीं और तीन दिन बाद महिला का शव निकाला जा सका। 2024 में डोमचांच थाना क्षेत्र के कुदरा श्मशान घाट के समीप बंद पड़े पत्थर खदान में डूबे काली मंडा निवासी रविंद्र कुमार मेहता का शव 7 दिन बाद निकाला जा सका था।

विधायक डॉ नीरा यादव ने मंगलवार को शून्यकाल में कोडरमा जिला अंतर्गत सपही से जानपुर रतनपुर होते हुए सतगावां सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अभी तक सड़क निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। रतनपुर से कोठियार 7 किलोमीटर सड़क का निर्माण वन विभाग के एनओसी नहीं मिलने के कारण पिछले 20 साल से कार्य बाधित है। वन विभाग से प्रमाण पत्र दिलवाकर कार्य पूरा कराया जाए। इसके साथ ही उन्होंने कोल्ड स्टोरेज को चालू कराने की मांग भी की। कहा कि कोडरमा विधानसभा अंतर्गत डोमचांच प्रखंड के पूरनाडीह में 5000 मेट्रिक टन की क्षमता वाले और लगभग 10 करोड़ की राशि खर्च कर कोल्ड स्टोरेज का निर्माण कराया गया पर अब तक इसे चालू नहीं किया जा सका है। किसान हित में इसे अविलंब चालू किया जाए।
