हेमंत सरकार के वित्तमंत्री केंद्रीय सहायता को लेकर गलत बयानी कर रहे हैं : दीपक प्रकाश
रांची : झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा है कि राज्य के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव तथ्यों को तोड़ मरोड़ कर जनता के सामने पेश कर रहे हैं। वो जनता को दिखाना चाहते हैं की केंद्र से राज्य को मदद नहीं मिली है। जबकि सच्चाई इससे बिल्कुल उलट है। दीपक प्रकाश ने कहा की केंद्र ने संक्रमण से लड़ने के लिए झारखंड को न सिर्फ 284 करोड़ रुपए दिए हैं, बल्कि अन्य मदों में भी संक्रमण के मद्देनजर बड़ी सहायता की है। केंद्र सरकार ने झारखंड समेत सभी राज्यों को केंद्रीय कर में उनके हिस्से को 2020.21 के बजट के आधार पर कैलकुलेट कर राशि उपलब्ध कराई है। जबकि आमतौर पर इसे रिवाइज करके दिया जाता था। इस मद में राज्य को 1525.27 करोड़ की राशि उपलब्ध करायी गयी है। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर ही प्रधानमंत्री जन धन योजना के अंतर्गत 71 लाख खातों में 356.16 करोड़ की राशि उपलब्ध करायी गयी है। संक्रमण के मद्देनजर ही राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 13 लाख लाभार्थियों को 64.44 करोड़ की राशि भी उपलब्ध करायी गयी है।

