झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं, बस इन्हें निखारने की जरुरत: हेमंत सोरेन
रांची: राजधानी में आज मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में रन-ओ-थॉन के पांचवे संस्करण का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बतौर मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इसका आयोजन खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग और राउंड टेबल इंडिया के द्वारा किया गया। इस आयोजन में देश-विदेश से आए छह हज़ार एथलीटों ने हिस्सा लिया। इस मैराथन को तीन श्रेणियों में बांटा गया- 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर, और 5 किलोमीटर।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि आज के इस भौतिकतावादी युग में अपने शरीर को चुस्त-दुरुस्त रखना हम सभी के लिए बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से लोगों को नई ऊर्जा मिलती है। यह लोगों को अपने स्वास्थ्य प्रति जागरुक करती है। इस तरह के कार्यक्रम का झारखंड में पिछले पांच सालों से लगातार आयोजित होना एक गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया का कंसेप्ट झारखंड में तेज रफ्तार से आगे बढ़ेगी।फिट इंडिया रन-ओ-थॉन के विजेताओं को हेमंत सोरेन द्वारा प्राइज मनी देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा 21 किलोमीटर औऱ 10 किलोमीटर की श्रेणी में दौड़ पूरी करने वाले सभी प्रतिभागियों को मेडल दिया गया।
इस मौके पर पर्यटन, खेलकूद और युवा कार्य विभाग के सचिव राहुल शर्मा, खेल निदेशक, अनिल कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक नवीन कुमार सिंह, टीआरआई निदेशक रणेन्द्र कुमार सिंह, झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन अध्यक्ष मधुकांत पाठक, रेस डायरेक्टर मनप्रीत सिंह राजा सहित राउंड टेबल इंडिया से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।



