कांग्रेस लोकतांत्रिक और संवैधानिक प्रक्रियाओं को बाधित करने का कर रही प्रयास: आदित्य साहू
विधानसभा परिसर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन पर भाजपा का तीखा हमला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कांग्रेस पर राज्यसभा चुनाव की संवैधानिक प्रक्रिया में बाधा डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता, मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता विधानसभा परिसर में पहुंचकर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं।
रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर राज्यसभा चुनाव की संवैधानिक प्रक्रिया में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता, मंत्री, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं द्वारा विधानसभा परिसर में पहुंचकर अशांति का वातावरण बनाने और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया गया।
आदित्य साहू ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में संभावित हार की आशंका से कांग्रेस बौखला गई है। इसी कारण उनके नेता और कार्यकर्ता निर्वाची पदाधिकारी (रिटर्निंग ऑफिसर) पर अनावश्यक दबाव बनाने, हल्ला-हंगामा करने तथा संवैधानिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के विरुद्ध है।


आदित्य साहू ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि खरीद-फरोख्त और दबाव की राजनीति कांग्रेस की पुरानी कार्यशैली रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर कांग्रेस ने ऐसे व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया है जिसका राज्य से कोई प्रत्यक्ष जुड़ाव नहीं रहा है। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस झारखंड के स्वाभिमान और स्थानीय नेतृत्व की भावना का सम्मान नहीं करती।
उन्होंने कहा कि भाजपा को जैसे ही कांग्रेस द्वारा किए जा रहे इस व्यवहार की जानकारी मिली, पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने का प्रयास किया। किंतु प्रशासन ने भाजपा कार्यकर्ताओं को विधानसभा के बाहर रोक दिया, जबकि कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता विधानसभा परिसर के भीतर मौजूद रहे। उन्होंने इसे प्रशासन का दोहरा मापदंड बताते हुए निष्पक्षता पर सवाल उठाया।
प्रदेश अध्यक्ष ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि भेदभावपूर्ण रवैया स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव को निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से संपन्न कराना रिटर्निंग ऑफिसर की जिम्मेदारी है और उन्हें किसी भी प्रकार के दबाव से मुक्त होकर नियमों के अनुरूप निर्णय लेना चाहिए।
आदित्य साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा किसी भी प्रकार से चुनावी एवं संवैधानिक प्रक्रियाओं को प्रभावित करने के प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी।
प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह और अशोक बड़ाईक उपस्थित थे।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
Related Posts

Latest News

