Koderma News :72 दिनों से लापता दर्शील बर्णवाल का शव कुएं से बरामद, हत्या की आशंका
चंदवारा थाना क्षेत्र के पिपराडीह में घर से 100 मीटर दूर कुएं से मिला शव, मोबाइल से हुई पहचान
कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र में 72 दिनों से लापता दर्शील बर्णवाल उर्फ सोनू का शव कुएं से बरामद हुआ। शव की हालत देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
कोडरमा : जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र के पिपराडीह से पिछले 72 दिनों से लापता दर्शील बर्णवाल उर्फ सोनू का शव घर से महज़ 100 मीटर की दूरी पर स्थित सुखदेव बर्णवाल के घर से सटे एक कुएं से संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया है। बताते चलें कि दर्शील पिछले 19 नवंबर से लापता था और परिजन व पुलिस के द्वारा लगातर उसकी खोजबीन की जा रही थी। ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया।

जहां उसके पैकेट से बरामद मोबाइल फोन को देखते ही परिजनों ने यह पुष्टि कर दी कि उक्त शव दर्शील का ही है। बताते चलें कि शव की स्थिति देखकर यह साफ प्रतीत होता है कि यह शव उक्त कुएं में तकरीबन 2 महीने पहले से ही गिरा हुआ था। क्योंकि शव पूरी तरह से सड़ गल चुका है। मृतक के मामा अशोक बर्णवाल का कहना है कि शव को देखकर यह साफ प्रतीत होता है कि उसकी हत्या कर उसे कुएं में फेंक दिया गया है। उन्होंने पुलिस से गुजारिश की है कि इस मामले को आत्महत्या का रूप न दिया जाए और उचित जांच करते हुए जो भी दोषी हो उसपर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाय।
19 नवंबर को अपने शादी से ठीक 10 दिन पहले अचानक दर्शील अपने घर से लापता हो गया था। उसके मोबाइल की आखिरी लोकेशन भी उसके घर के आसपास ही मिला था। दर्शील की खोजबीन के लिए लगातार उसके स्वजन और स्थानीय लोग आंदोलन कर रहे थे और उसे ढूंढने की पुलिस से गुहार भी लगा रहे थे, लेकिन गुरुवार की शाम घर से महज कुछ कदम की दूरी पर ही स्थित सुखदेव मोदी के कुएं से शव बरामद किया गया है जो कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है।
