छड़ से लदी ट्रेलर में महारानी बस ने मारी टक्कर, 11 की मौत 21 घायल
On
हजारीबाग: सोमवार को तड़के करीबन सवा तीन बजे रांची से गया जा रही महारानी बस दुघर्टनाग्रस्त हो गई। घटना हजारीबाग चौपारण के दनुआ घाटी की है। तेज रफ्तार से जा रही बस छड़ लदे ट्रेलर से जा टकराई, जिसमें 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई व 21 लोग घायल हो गये। घायलों का इलाज हजारीबाग सदर अस्पताल में किया जा रहा है।
हादसे में ट्रेलर में लदा छड़ का अधिकांश हिस्सा बस के बाईं ओर घुस गया, इसी कारण बाईं ओर बैठे यात्रियों को काफी चोटें आईं हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य कार्य शुरू कर दिया था। पुलिस के अनुसार, रांची से महारानी बस रात में यात्रियों को लेकर गया (बिहार) जा रही थी। कहा कि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई है, वहां पर ढलान था व इसी बजह से बस की रफ्तार काफी तेज थी। छड़ लदा ट्रक चौपारण के दनुआ घाटी में धीरे-धीरे जा रहा था व बस के ड्राइवर का अचानक संतुलन गड़बड़ा गया व उसने पीछे से ट्रेलर को ठोंक दिया।
[URIS id=9499]
दुर्घटना में बस सवार 7 लोगों की ऑन द स्पाॅट मौत हो गई, जबकि सामुदायिक केंद्र लाने के समय एक अन्य व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। आनन- फानन में गंभीर रूप से जख्मी कुछ लोगों को हजारीबाग सदर अस्पताल लाया जा रहा था तो इसी बाबत तीन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतकों में शिव शंकर प्रसाद, रांची, भारती देवी, गया, संतन विश्वकर्मा (चालक), गया, योगेंद्र शर्मा, उपचालक, उपेंद्र, गया, आदित्य राज, गया, बंधनी देवी, भरनो गुमला, एग्निसियास गिद, गया, ज्ञानेश्वर प्रसाद, गया, संजीव सिंह, गया व रामानंद पासवान, गया के नाम शामिल हैं।
सीएम ने जताया दुःख
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हजारीबाग जिले के दनुआ- भानुआ घाटी में हुए सड़क हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की व शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने सड़क हादसे में घायल यात्रियों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
Edited By: Samridh Jharkhand
