गिरिडीह में सहकारिता मॉडल को मिलेगा बढ़ावा, कृषि-वनोपज मूल्य संवर्धन पर बनी रणनीति
सहकारी समितियों को तकनीकी प्रशिक्षण और आधुनिक बाजार से जोड़ने पर जोर
गिरिडीह के नगर भवन में सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ लिमिटेड की वार्षिक आम सभा उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कृषि एवं वनोपज के संग्रहण, प्रसंस्करण, भंडारण, ब्रांडिंग, मूल्य संवर्धन और विपणन को मजबूत करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
गिरिडीह: नगर भवन, गिरिडीह में आज सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ लिमिटेड, गिरिडीह की वार्षिक आम सभा का आयोजन उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रामनिवास यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक में संघ के अंकेक्षण प्रतिवेदन, वार्षिक बजट, व्यय अनुमोदन, सेवा शर्तों, आय के नए स्रोतों के सृजन, सहकारी समितियों के आर्थिक सुदृढ़ीकरण, बैंकिंग व्यवस्था, कृषि एवं वनोपज के मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण एवं विपणन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श करते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त, रामनिवास यादव ने कहा कि सहकारिता केवल एक संस्था नहीं, बल्कि किसानों, वनोपज संग्रहकर्ताओं एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य किसानों एवं अनुसूचित जनजाति तथा ग्रामीण परिवारों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य उपलब्ध कराना तथा कृषि एवं वनोपज आधारित आजीविका को मजबूत करना होना चाहिए। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में उत्पादित धान, गेहूं, मड़ुआ, कोदो, सरगुजा, महुआ, करंज, हर्रा, बहेड़ा, आंवला, चिरौंजी, लाख, रेशम सहित अन्य कृषि एवं वनोपज के संग्रहण, प्रसंस्करण, भंडारण, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं विपणन की प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि उत्पादों का मूल्य संवर्धन हो तथा किसानों एवं वनोपज संग्रहकर्ताओं की आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि संघ को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए आय के नए स्रोत विकसित किए जाएं तथा सभी वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सुशासन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अंकेक्षण संबंधी आपत्तियों का समयबद्ध निष्पादन करते हुए वित्तीय अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन सहकारिता आधारित विकास मॉडल को बढ़ावा देने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। किसानों एवं वनोपज संग्रहकर्ताओं के हितों की रक्षा, उनकी आय में वृद्धि तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वित एवं समयबद्ध तरीके से कार्य करना सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान संघ के कार्यों के सफल संचालन, सहकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान एवं उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करने वाले पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं सदस्यों को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रामनिवास यादव द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने सम्मानित व्यक्तियों की सराहना करते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों एवं सदस्यों का सम्मान न केवल उनके कार्यों को मान्यता देता है, बल्कि अन्य लोगों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं सदस्यों से सहकारिता की भावना के अनुरूप समर्पण, पारदर्शिता एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी सहित संघ के पदाधिकारी, सदस्यगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.
Related Posts


Latest News







