Ranchi News: रांची में होगी 55वीं अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता, CCL ने शुरू की जोरदार तैयारियां
प्रतियोगिता 29 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक रांची और भुरकुंडा में होगी आयोजित
रांची स्थित CCL मुख्यालय में 55वीं अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता (कोयला एवं धातु)-2026 की तैयारियों को लेकर पहली कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिता के सफल आयोजन, सुरक्षा मानकों और तकनीकी तैयारियों की समीक्षा की गई। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 29 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक रांची के JSSPS खेलगांव और CCL के भुरकुंडा भूमिगत खदान में आयोजित होगी। देशभर से करीब 37 टीमों के भाग लेने की संभावना है।
रांची: देश की प्रतिष्ठित 55वीं अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता (कोयला एवं धातु)–2026 के सफल आयोजन को लेकर सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) मुख्यालय, रांची में प्रथम कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित की गई। प्रतियोगिता की मेजबानी का दायित्व CCL को मिलने के बाद तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में व्यापक चर्चा की गई।
बैठक में खान सुरक्षा उपमहानिदेशक (दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र) डॉ. एस.एस. प्रसाद, CCL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक निलेन्दु कुमार सिंह, निदेशक (तकनीकी/संचालन) सी.एस. तिवारी, निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) अनूप हंजूरा, DGMS, CIL, JSSPS तथा देशभर की विभिन्न कोयला एवं धातु खनन कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी, सुरक्षा विशेषज्ञ और रेस्क्यू स्टेशन प्रभारी शामिल हुए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 55वीं अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता (कोयला एवं धातु)–2026 का आयोजन 29 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। उद्घाटन समारोह, ड्रिल एवं मार्च-पास्ट, फर्स्ट एड और रोप रेस्क्यू जैसी प्रतियोगिताएं JSSPS खेलगांव, रांची में आयोजित होंगी, जबकि रेस्क्यू एवं रिकवरी, फ्रेश एयर बेस और कैप्टन्स रिपोर्ट से जुड़ी व्यावहारिक स्पर्धाएं CCL के बरका-सयाल क्षेत्र स्थित भुरकुंडा भूमिगत खदान में होंगी। समापन समारोह और पुरस्कार वितरण भी खेलगांव में आयोजित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 37 टीमों के भाग लेने की संभावना है। बैठक में महिला टीमों की भागीदारी बढ़ाने तथा उनके लिए सुरक्षित आवास, आवश्यक सुविधाएं और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान आयोजन से जुड़े तकनीकी, प्रशासनिक और लॉजिस्टिक पहलुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए प्रतियोगिता को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए विभिन्न तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
Related Posts


Latest News







