Hazaribagh News: उपायुक्त हेमंत सती ने भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक में दिए कड़े निर्देश
योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील
हजारीबाग समाहरणालय में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में 55 में से 47 तालाबों के गहरीकरण कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई तथा जलनिधि योजना के तहत पर्कोलेशन टैंक और डीप बोरिंग निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
हजारीबाग: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत संचालित एवं प्रस्तावित योजनाओं से संबंधित समिति प्रतिवेदन की समीक्षा करते हुए योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली गई।
बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में निर्धारित 55 तालाबों के गहरीकरण एवं जीर्णोद्धार से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। भूमि संरक्षण पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि निर्धारित 55 तालाबों में से 47 तालाबों के गहरीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उपायुक्त ने शेष कार्यों को भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया।

जलनिधि योजना किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी: उपायुक्त
उन्होंने कहा कि पर्कोलेशन टैंक के माध्यम से जल संरक्षण एवं सिंचाई की सुविधा को बढ़ावा मिलेगा, जिससे किसान मत्स्य पालन, दलहन की खेती, सिंचाई तथा तालाब में बत्तख पालन जैसी गतिविधियों से भी लाभ प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक पात्र कृषकों को इससे जोड़ने का निर्देश दिया।
योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश
बैठक में भूमि संरक्षण विभाग द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं की समीक्षा के क्रम में पर्कोलेशन टैंक निर्माण, तालाबों का गहरीकरण एवं जीर्णोद्धार तथा डीप बोरिंग की प्रगति पर चर्चा की गई। जलनिधि योजना के अंतर्गत डीप बोरिंग के लिए 6 इंच व्यास की डीप बोरिंग, 1.5 एचपी सबमर्सिबल पंप एवं आवश्यक सामग्री तथा स्थापना का प्रावधान है।
उपायुक्त ने सभी योजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराने का निर्देश दिया। कार्यों की गति बढ़ाने के लिए उन्होंने कनीय अभियंताओं की संख्या बढ़ाने का भी निर्देश दिया, ताकि योजनाओं की तकनीकी जांच, सत्यापन एवं क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो। बैठक में भूमि संरक्षण विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं कनीय अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts


Latest News







