संथाल विद्रोह के शोधकर्ता प्रोफेसर प्रशांत सेन ने संथाल काटा पोखर का मुआयना किया
दुमका : एसकेएम विश्वविद्यालय के एसपी काॅलेज के सेवानिवृत्त अंग्रेजी के प्राध्यापक प्रशांत सेन ने गुरुवार को रानीश्वर प्रखंड के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल दिगुली के संथाल काटा पोखर का परिदर्शन किया। श्री सेन सेवानिवृत्ति के बाद पुणे में रह कर संथाल बिद्रोह के इतिहास को लेकर शोध कर रहे हैं। साथ ही संथाल विद्रोह को लेकर एक डॉक्युमेंट्री का निर्माण भी उन्होंने किया है। इससे पूर्व फिल्म डायरेक्शन का भी कोर्स किया है। बहुमुखी प्रतिभा के धनी श्री सेन ने एसकेएम विश्वविद्यालय में शेक्सपियर सोसाइटी की स्थापना की थी। साथ ही मर्चेंट ऑफ बेनिस नाटक का संथाली भाषा मे मंचन कराकर विश्व स्तर पर महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय को एक अलग पहचान दिलायी। आज भी वह गिरी वनबासी परिषद, दुमका के संरक्षक हैं। उन्होंने झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के ओएसडी के रूप में भी काम किया है।
