कीर्ति झा आजाद का नया ठिकाना होगा तृणमूल कांग्रेस, आज हो सकते हैं ममता दीदी की पार्टी में शामिल
नयी दिल्ली : कांग्रेस नेता व पूर्व भाजपा सांसद कीर्ति झा आजाद का अब नया ठिकाना तृणमूल कांग्रेस हो सकता है। कीर्ति झा आजाद मंगलवार, 23 नवंबर 2021 को कांग्रेस छोड़ तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। न्यूज एजेंसी एएनआइ ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि आज पूर्व क्रिकेटर कीर्ति झा आजाद तृणमूल कांग्रेस में शामिल होंगे।
Congress leader Kirti Azad to join TMC today in Delhi: Sources
(File photo) pic.twitter.com/1WeF8lPsKm
— ANI (@ANI) November 23, 2021
कीर्ति झा आजाद के तृणमूल में शामिल होने की खबर ऐसे वक्त में आयी है जब तृणमूल प्रमुख व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दिल्ली के दौरेे पर रहने वाली हैं। ऐसे में इस बात की भी संभावना है कि दोनों नेताओं की दिल्ली में मुलाकात हो।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भागवत झा आजाद के बेटे कीर्ति झा आजाद पहले लंबे अरसे तक भाजपा में रह चुके हैं और सांसद भी रहे हैं। हालांकि भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली से रिश्तों में कड़वाहट बढते जाने के बाद वे भाजपा छोड़ कांग्रेस में चले गए। कांग्रेस ने उन्हें पिछले लोकसभा चुनाव में धनबाद से उम्मीदवार भी बनाया लेकिन वे जीत नहीं सके।
इससे पहले कुछ माह पूर्व महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं सुष्मिता देव भी कांग्रेस छोड़ कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गयी थीं। इसके कुछ समय बाद तृणमूल ने उन्हें राज्यसभा का सदस्य बनाया। ऐसे में इस बात की भी संभावना है कि कीर्ति झा आजाद को तृणमूल कोई अहम पद दे।