रांची के अखबारों की आज की सुर्खियां, ‘डूब रही भाजपा को बचाने पीएम मोदी आये’
रांची : झारखंड की राजधानी रांची से छपने वाले प्रमुख अखबारों ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खूंटी एवं जमशेदपुर में चुनावी जनसभा को बड़ी खबर बनाया है. इसके साथ ही दूसरे चरण के चुनाव की खबरें भी अहम हैं. प्रभात खबर ने लिखा है कि खूंटी में 34 तो जमशेदपुर में 44 मिनट तक लोगों से रूबरू हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी. उनके बयान को शीर्षक बनाते हुए अखबार ने लिखा है – 19 साल के झारखंड के लिए भाजपा जरूरी, जल, जंगल, जमीन पर आंच नहीं आयेगी. प्रधानमंत्री मोदी ने जमशेदपुर में कहा कि जितना मौसम नहीं बदला, उतना सीएम यहां बदल गए. उन्होंने कहा कि 15 साल में दस सीएम हुए और रघुवर दास ने राज्य को देश-विदेश में पहचान दिलायी.
प्रभात खबर ने अंदर के पन्ने पर विपक्ष के प्रमुख चुनावी चेहरे हेमंत सोरेन का बयान है – डूब रही भाजपा को बचाने पीएम आये. उन्होंने चक्रधरपुर, तमाड़ एवं सिसई में चुनावी सभाएं की. अखबार ने खबर दी है कि तीन जगह से वाहन चेकिंग में आठ लाख रुपये बरामद किए गए. तमाड़ से चुनाव लड़ रहे नक्सली कुंदन पाहन के खिलाफ भाकपा माओवादी के चिपकाये गये पोस्टर की तसवीर अखबार ने दी है. इसमें लिखा है कि कुंदन पाहन शर्म करो. यह भी लिखा गया है कि वह वोट मांगने आए तो चोट करो. कुंदन पाहन को भ्रष्ट एवं गद्दार बताया गया है. चुनाव को लेकर सात एवं 12 दिसंबर को रांची में सभी कार्यालय एवं प्रतिष्ठान बंद रहेंगे. अखबार ने खबर दी है कि 10 लाख रुपये का एडुकेशन लोन नहीं चुका पाने के कारण बीआइटी मेसरा के परेशान छात्र शशिकांत सिन्हा ने बड़ा तालाब में कूद कर आत्महत्या कर ली. लोन चुकाने के लिए बैंक से लगातार फोन एवं एसएमएस आ रहे थे और पिता का खाता सीज हो गया था. गृहमंत्री अमित शाह का संसद में बयान है कि सुरक्षा स्टेटस सिंबल नहीं हो सकता है. राज्यसभा में एसपीजी संशोधन बिल पर मोहर लगा दी गयी.दैनिक जागरण की पीएम मोदी की चुनावी सभाओं की हेडिंग है : आदिवासियों के अधिकारों पर नहीं आने दूंगा आंच. पीएम मोदी ने कहा कि राज्य को 25 साल होते-होते इतना विकसित कर देंगे कि पलट करना देखना नहीं होगा. प्रधाननमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में धारा 370, राम मंदिर और तीन तलाक का भी जिक्र किया. गुमला के सिसई में हेमंत सोरेन के द्वारा मोबाइल से चुनावी सभा को संबोधित करने की खबर अखबार ने दी है. प्रधानमंत्री के दौरे के कारण उनके हेलीकाॅप्टर को उड़ान भरने की अनुमति नहीं मिली, इस पर झामुमो नेता ने कहा कि महागठबंधन के पक्ष में हवा होने से सरकार घबरा गयी है, इसलिए उनके हेलीकाॅप्टर के उड़ने पर पाबंदी लगा दी गयी.



