Sahebganj News: बंद पड़ी जलापूर्ति योजना को लेकर विधायक ने विधानसभा मे भेजा निवेदन
जल्द योजना चालू करने का प्रशासन ने दिया आश्वासन
विधायक निसात आलम ने बरहरवा के कोटालपोखर बाजार में करोड़ों की लागत से निर्मित ग्रामीण जलापूर्ति योजना के एक वर्ष से ठप रहने का मामला झारखंड विधानसभा में उठाया है। उन्होंने बताया कि गुमानी नदी पर आधारित यह परियोजना विभागीय लापरवाही और तकनीकी गड़बड़ी के कारण बंद पड़ी है, जिससे ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल खरीदकर पीना पड़ रहा है। विधायक ने विभागीय मंत्री और सचिव से वार्ता कर योजना को जल्द चालू करने और क्षेत्र के लोगों को राहत दिलाने की मांग की है, जिस पर उन्हें शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन मिला है।
बरहरवा: पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से करोड़ों रुपए की लागत से कोटालपोखर बाजार के लिए बनाया गया ग्रामीण जिला पूर्ति योजना पिछले एक वर्ष से बंद पड़ा हुआ है, जिस कारण यहां के लोगों को शुद्ध पेयजल प्राप्त नहीं हो रहा है। पूरे मामले को लेकर पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक निसात आलम ने कोटालपोखर ग्रामीण जलापूर्ति योजना को लेकर झारखंड विधानसभा में निवेदन पत्र भेजा है।

उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण के लिए काफी वरदान साबित हो रहा था, लेकिन पिछले एक वर्ष से बंद रहने के कारण काफी दिक्कत हो रही है। कई लोगों को आज भी बाजार से खरीद कर शुद्ध पेयजल पीना पड़ रहा है, जबकि सरकार ने शुद्ध पेयजल के लिए बड़ा सा टंकी एवं पाइपलाइन का निर्माण करवाया है। यहां पानी गुमानी नदी से सीधे पहुंचता है और जलशोधन कर पूरे बजार में पूर्ति की जाती है। विधायक ने बताया कि उन्हें आश्वासन दिया गया है कि उक्त योजना को चालू करने को लेकर जल्द पहल करते हुए लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
