मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने न पाए शिल्पी नेहा तिर्की
लापुंग में मतदाता गणना प्रपत्र भरने के कार्य का किया निरीक्षण
झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने लापुंग प्रखंड में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए।
रांची:लापुंग, झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान में यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है।
शुक्रवार को मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने लापुंग प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर शिक्षकों की ओर से भरे जा रहे मतदाता गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) के कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रपत्र भरने की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मियों को समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।


उन्होंने प्रखंड अध्यक्ष के माध्यम से प्रतिदिन अभियान की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश देते हुए कहा कि नियमित समीक्षा और प्रभावी निगरानी से ही अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बीएलओ, बीएलए-2, जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के समन्वित प्रयास से विशेष पुनरीक्षण अभियान को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सकेगा।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सभी अधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से छूटने न पाए, क्योंकि प्रत्येक मत लोकतंत्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, जयंत बारला, सुदामा महली, संतोष तिर्की, देवेंद्र वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बीएलए-2 कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


