Giridih News: उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बड़ी बैठक
डीडीसी स्मृता कुमारी और सिविल सर्जन रहे उपस्थित
गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत रिक्त 101 पदों को जल्द भरने का निर्देश दिया गया। रोस्टर क्लियरेंस पूरा होने के बाद अब एएनएम, स्टाफ नर्स और फार्मासिस्ट जैसे तकनीकी व प्रशासनिक पदों पर पारदर्शी एवं समयबद्ध नियुक्ति की प्रक्रिया तेज की जा रही है।
गिरिडीह: उपायुक्त, रामनिवास यादव की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) अंतर्गत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति, स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध मानव संसाधन, रिक्त पदों की स्थिति एवं स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उपायों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त, स्मृता कुमारी, नगर आयुक्त, विजय सिंह बीरूआ, सिविल सर्जन, डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह, IAS प्रशिक्षु, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, अंजना भारती, उपाधीक्षक सदर अस्पताल, जिला आरसीएच पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


बैठक में बताया गया कि रिक्त पदों में एएनएम, स्टाफ नर्स, ब्लॉक डाटा मैनेजर, फार्मासिस्ट, न्यूट्रिशनल काउंसलर, एसटीएस, डीएमसी-एलटी सहित विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक पद शामिल हैं। इन पदों पर नियुक्ति होने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं, पोषण कार्यक्रम सहित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन को नई गति मिलेगी तथा आम नागरिकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक समय पर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है और इस दिशा में सभी आवश्यक कदम तेजी से उठाए जा रहे हैं।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


