Giridih News: जलीय सूर्य मंदिर के सामने बना जानलेवा गड्ढा, रोज हो रहे हादसे
सावन में बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच सड़क की बदहाल स्थिति पर सवाल
गिरिडीह के मिर्जागंज-जगन्नाथडीह स्थित जलीय सूर्य मंदिर के मुख्य मार्ग पर बना गहरा गड्ढा लगातार हादसों का कारण बन रहा है। बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों को गड्ढे का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन लोग घायल हो रहे हैं। सावन में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच स्थानीय लोगों और मंदिर समिति ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
गिरिडीह: झारखंड का गौरव और आस्था का प्रमुख केंद्र मिर्जागंज-जगन्नाथडीह स्थित जलीय सूर्य मंदिर के मुख्य पथ पर बना गड्ढा अब राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। लगातार हो रही बारिश का पानी गड्ढे में भर जाने के कारण वाहन चालकों को इसकी गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे आए दिन लोग दुर्घटना के शिकार होकर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। खासकर रात के अंधेरे में स्थिति बेहद भयावह हो जाती है।
मंदिर समिति और स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद न तो पथ निर्माण विभाग और न ही स्थानीय प्रशासन इस ओर ध्यान दे रहा है।
सावन में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ से प्रशासन बेखबर है। लोगों में इसको लेकर आक्रोश पनप रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता बिजय चौरसिया ने शुक्रवार को स्थल का जायजा लिया और जनसमस्याओं का संज्ञान लिया। उन्होंने तुरंत जिले के उपायुक्त से संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया और सड़क की अविलंब मरम्मत की मांग की।


उन्होंने याद दिलाया कि हर साल सावन शुरू होने से पहले प्रशासनिक अधिकारी यहां आकर निरीक्षण करते थे, मंदिर समिति व स्थानीय दुकानदारों से संवाद कर समस्याओं का समाधान निकालते थे। लेकिन इस वर्ष प्रशासन पूरी तरह से उदासीन बना हुआ है।
उन्होंने उपायुक्त से अविलंब गड्ढे को स्थाई रूप से भरने और यहां की बिजली व्यवस्था को सुचारू करने की बात कही।

मौके पर स्थानीय समाजसेवी सीताराम साव, मंदिर के व्यवस्थापक लक्ष्मण राय, समिति के सदस्य रामलखन राम, चुरामन राम, प्रिंस दराद, जितेंद्र राय, सुमित यादव, संतोष पांडेय, रौशन साव, पंकज पांडेय, प्रेमदीप राय, टूपलाल साव इत्यादि की उपस्थिति रही।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.
Related Posts


Latest News


