झारखंडधाम में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने को बनी प्रबंधन समिति
मुखिया की अध्यक्षता में विशेष बैठक में लिया गया निर्णय
गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड स्थित झारखंडधाम में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के तहत स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 'झारखंडधाम स्वच्छता प्रबंधन समिति' का गठन किया गया। बैठक में समिति के पदाधिकारियों का चयन किया गया तथा नियमित मासिक बैठक, बैंक खाता संचालन, आय-व्यय का लेखा-जोखा, स्वच्छता शुल्क निर्धारण और सफाई कार्य के लिए मानव बल की व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
गिरिडीह: स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के तहत धार्मिक एवं पर्यटन स्थल झारखंडधाम की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार को जमुआ प्रखंड की बदडीहा-01 पंचायत के ग्राम झारखंडी स्थित झारखंडधाम में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया आशुतोष प्रसाद कुशवाहा ने की।
बैठक का आयोजन स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 तथा माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के आलोक में किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य झारखंडधाम में बेहतर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करना और इसके लिए एक स्थायी स्वच्छता प्रबंधन समिति का गठन करना था।

समिति का गठन

लिए गए प्रमुख निर्णय
बैठक में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए। समिति की नियमित बैठक प्रत्येक माह पूर्णिमा के अगले दिन आयोजित की जाएगी। समिति के नाम से राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता खोला जाएगा, जिसका संचालन अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष के संयुक्त हस्ताक्षर से होगा।
इसके अलावा प्रत्येक मासिक बैठक में आय-व्यय का लेखा-जोखा समिति और पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, गिरिडीह को उपलब्ध कराया जाएगा।
स्वच्छता शुल्क और सफाई व्यवस्था
झारखंडधाम परिसर में संचालित दुकानों, श्रद्धालुओं, शादी-विवाह, मुंडन संस्कार, सब्जी एवं अस्थायी ठेला-फलों की दुकानों से स्वच्छता शुल्क लेने का सिद्धांततः निर्णय लिया गया। शुल्क की अंतिम दर आगामी बैठक में तय की जाएगी।
धाम परिसर की नियमित सफाई के लिए आवश्यक श्रमिकों एवं वाहन चालकों की व्यवस्था भी समिति करेगी। वहीं सामुदायिक स्वच्छता परिसर को पूरी तरह कार्यात्मक बनाने के लिए 15वें एवं 16वें वित्त आयोग, ग्रामीण सहयोग और अन्य उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि झारखंडधाम में स्वच्छता शुल्क की दर निर्धारित करने का अधिकार केवल स्वच्छता प्रबंधन समिति के पास होगा।
उद्देश्य
समिति के गठन का उद्देश्य झारखंडधाम को स्वच्छ, व्यवस्थित और पर्यावरण-अनुकूल धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना तथा श्रद्धालुओं को बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


