उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने वोटर हेल्पलाइन एवं मतदाता सहायता केंद्र का किया निरीक्षण
आयुक्त ने हेल्पलाइन केंद्र पर बैठकर मतदाताओं को मिल रही सुविधाओं की ली जानकारी
गिरिडीह समाहरणालय परिसर स्थित वोटर हेल्पलाइन एवं मतदाता सहायता केंद्र का उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने निरीक्षण किया। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत उन्होंने हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली, मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, शिकायतों के निस्तारण और मार्गदर्शन व्यवस्था की जानकारी ली।
गिरिडीह: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन को लेकर उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने समाहरणालय परिसर स्थित वोटर हेल्पलाइन एवं मतदाता सहायता केंद्र का निरीक्षण किया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, आईएएस प्रशिक्षु, उप नगर आयुक्त एवं नजारत उप समाहर्ता भी उपस्थित थे।
आयुक्त ने हेल्पलाइन केंद्र की कार्यप्रणाली, मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा निर्वाचन आयोग की टोल फ्री हेल्पलाइन सेवा के संचालन का विस्तार से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त स्वयं हेल्पलाइन केंद्र पर बैठे तथा मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, प्राप्त होने वाले कॉल, शिकायतों के निष्पादन एवं विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 से संबंधित मार्गदर्शन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मतदाता को समयबद्ध, सरल, पारदर्शी एवं संतोषजनक सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है तथा कोई भी पात्र मतदाता जानकारी के अभाव में निर्वाचन प्रक्रिया से वंचित नहीं रहना चाहिए।


साथ ही, उन्होंने सभी नागरिकों से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए समय पर अपना गणना प्रपत्र भरने तथा शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा, “हर पात्र मतदाता तक सटीक जानकारी, हर मतदाता तक त्वरित सहायता और प्रत्येक नागरिक की निर्वाचन प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्रतिबद्धता है।”
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
Related Posts

Latest News

