SIR-2026 डिजिटाइजेशन 24 घंटे में पूरा करने का आदेश, आयुक्त ने की व्यापक समीक्षा
सभी विभागों को लक्ष्य आधारित कार्य और जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश
उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने गिरिडीह समाहरणालय सभागार में विभिन्न विभागों की व्यापक समीक्षा बैठक की। बैठक में राजस्व संग्रह, SIR-2026 के तहत गणना प्रपत्रों के वितरण एवं डिजिटाइजेशन, DMFT और PMKKKY योजनाओं, खनन, परिवहन, उत्पाद, नगर निगम, राजस्व न्यायालय और विधि शाखा के कार्यों की समीक्षा की गई।
गिरिडीह: उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने आज समाहरणालय सभागार में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक कर राजस्व संग्रह, विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) के तहत गणना प्रपत्र (EF) वितरण एवं डिजिटाइजेशन, जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT)/प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना (PMKKKY) के अंतर्गत संचालित योजनाओं, विधि शाखा, राजस्व न्यायालय, भू-अर्जन, नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि लाने के निर्देश दिए।
बैठक में SIR-2026 के अंतर्गत प्रखंडवार गणना प्रपत्र वितरण एवं डिजिटाइजेशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने सभी ERO एवं AERO को सख्त निर्देश दिया कि शेष डिजिटाइजेशन कार्य को अगले 24 घंटे के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन BLO द्वारा अपने क्षेत्र में गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण किया जा चुका है, उन्हें सम्मानित किया जाए, ताकि उनके उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहन मिले तथा अन्य कर्मियों का भी मनोबल एवं आत्मविश्वास बढ़े। आयुक्त ने DMFT एवं PMKKKY के अंतर्गत प्राप्त राशि से स्वीकृत विकास योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने तथा नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राजस्व संग्रह की समीक्षा

परिवहन विभाग की समीक्षा

उत्पाद विभाग की समीक्षा
उत्पाद विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में संचालित लाइसेंसी अंग्रेजी एवं देशी शराब दुकानों, वेयरहाउस की स्थिति तथा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री की रोकथाम को लेकर की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। आयुक्त ने अवैध शराब के विरुद्ध नियमित छापेमारी अभियान चलाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पिछले माह की गई कार्रवाई एवं राजस्व संग्रह की भी समीक्षा की।
मोटरयान निरीक्षक कार्यालय
मोटरयान निरीक्षक कार्यालय की समीक्षा के दौरान प्रवर्तन, वाहन जांच एवं राजस्व संग्रह से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
खनन विभाग की समीक्षा
खनन विभाग की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने अवैध खनन, अवैध उत्खनन एवं अवैध बालू उठाव के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने पिछले माह दर्ज प्राथमिकी, जब्ती, कार्रवाई तथा गत वित्तीय वर्ष की तुलना में चालू वित्तीय वर्ष के राजस्व संग्रह की समीक्षा की। साथ ही, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के निर्देशों के आलोक में वर्तमान में बालू उठाव पर लागू प्रतिबंध का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राजस्व विभाग की समीक्षा
राजस्व विभाग की समीक्षा के क्रम में अवैध जमाबंदी, म्यूटेशन (दाखिल-खारिज), लगान रसीद निर्गत करने की प्रगति तथा राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निबंधन विभाग की समीक्षा
निबंधन विभाग की समीक्षा के दौरान वार्षिक लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धि का आकलन करते हुए सभी अवर निबंधक पदाधिकारियों को निबंधन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने तथा राजस्व संग्रह बढ़ाने के निर्देश दिए।
नगर निगम की समीक्षा
नगर निगम की समीक्षा में नगर निगम के राजस्व संग्रह, होल्डिंग टैक्स संग्रह, साफ-सफाई व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की गई। आयुक्त ने नगर निगम क्षेत्र के हाट-बाजार, सार्वजनिक स्थलों, बड़ा चौक, टावर चौक, गांधी चौक सहित प्रमुख स्थानों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा खराब पड़े हाई मास्ट लाइटों को अविलंब दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
विधि शाखा की समीक्षा
विधि शाखा की समीक्षा के दौरान लंबित न्यायिक एवं प्रशासनिक मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने PG Portal, CPGRAMS, LPA, NGDRS एवं अन्य न्यायालयों में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भू-अर्जन, भू-हस्तांतरण एवं राजस्व न्यायालयों से संबंधित मामलों की समीक्षा
भू-अर्जन, भू-हस्तांतरण एवं राजस्व न्यायालयों से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली की भी समीक्षा
बैठक के दौरान बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को समय पर कार्यालय उपस्थित होकर पूरी जिम्मेदारी एवं अनुशासन के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही, आय, आवासीय एवं जाति प्रमाण-पत्रों के निर्गमन की प्रगति की समीक्षा करते हुए सेवा वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिला मुख्यालय में पदस्थापित सभी अधिकारी एवं कर्मी जिला मुख्यालय में रहकर ही अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि प्रशासनिक कार्यों का त्वरित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो सके।
बैठक के उपरांत उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को आयुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि SIR-2026 के अंतर्गत गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए। साथ ही, राजस्व संग्रह में अपेक्षित वृद्धि लाने, राजस्व न्यायालयों एवं अन्य लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन, PG Portal एवं CPGRAMS की शिकायतों का त्वरित निस्तारण, अवैध खनन, अवैध शराब एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने तथा सभी विभागों को अपने-अपने लक्ष्यों की सतत समीक्षा करते हुए परिणामोन्मुखी कार्य संस्कृति अपनाने को कहा। उपायुक्त ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं एवं जनहित से जुड़े सभी कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाएगा तथा प्रत्येक विभाग की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी।
बैठक के दौरान आयुक्त ने पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार से जिले की कानून-व्यवस्था, पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण एवं प्रवर्तन संबंधी कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने पर बल दिया।
बैठक के अंत में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आयुक्त द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि SIR-2026 के तहत डिजिटाइजेशन कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाएगा। साथ ही, राजस्व संग्रह में वृद्धि, राजस्व न्यायालयों के लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा PG Portal एवं CPGRAMS से संबंधित लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, आईएएस प्रशिक्षु, अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनुमंडल पदाधिकारी खोरीमहुआ/डुमरी एवं बगोदर-सरिया सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, संबंधित अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
Related Posts

Latest News

